रात को पिता लाइसेंसी राइफल के साथ घर लौटे, सुबह उसी हथियार से इकलौते बेटे ने खत्म कर ली जिंदगी, आगरा के बाह की घटना ने हर किसी को झकझोर दिया

आगरा। आगरा के बाह कस्बे में शुक्रवार सुबह हुई एक कारुणिक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। थाना बाह क्षेत्र की टीचर्स कॉलोनी में 18 वर्षीय 12वीं के छात्र और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे ने पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। गोली चलने की तेज आवाज से मोहल्ले में हड़कंप मच गया, जबकि घटना की जानकारी मिलते ही हर कोई स्तब्ध रह गया। जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना, उसकी जुबान पर एक ही सवाल था- आखिर एक हंसते-खेलते युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठा लिया? सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने राइफल जब्त कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

Jul 24, 2026 - 17:24
 0
रात को पिता लाइसेंसी राइफल के साथ घर लौटे, सुबह उसी हथियार से इकलौते बेटे ने खत्म कर ली जिंदगी, आगरा के बाह की घटना ने हर किसी को झकझोर दिया
आदित्य शर्मा का पुराना फाइल फोटो, जिसमें वह अपने हाथों में रायफल लिए हुए है।

मृतक के शव का पंचनामा भरती पुलिस।

मृतक की पहचान आदित्य शर्मा (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मां डौली गृहिणी हैं, जबकि पिता सुदीप शर्मा राजस्थान की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। नौकरी के कारण उनका अधिकतर समय घर से बाहर ही गुजरता है।

उस कमरे के बाहर जमा लोग, जहां आदित्य ने खुद को गोली मारी। 

परिजनों के अनुसार, सुदीप शर्मा गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे ड्यूटी से घर लौटे थे। उस समय आदित्य जाग रहा था और उसी ने घर का दरवाजा खोला था। घर आने के बाद सुदीप ने अपनी लाइसेंसी राइफल कमरे में रख दी और आराम करने चले गए। किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद यह हथियार एक दर्दनाक हादसे का कारण बन जाएगा।

शुक्रवार सुबह आदित्य स्कूल नहीं गया। वह छत पर बने कमरे में था। परिवार को लगा कि देर रात तक जागने के कारण वह सो रहा होगा। कुछ समय बाद जब उसकी मां उसे उठाने पहुंचीं तो आदित्य ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मां नीचे लौट आईं और अपने काम में लग गईं।

मौके पर मौजूद पुलिस। 

करीब सुबह 10 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग छत की ओर दौड़े। कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। आदित्य खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आदित्य ने अपने सिर में गोली मारी थी।

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों के अनुसार, आदित्य सामान्य स्वभाव का युवक था और किसी ने भी उसके इस कदम की कल्पना नहीं की थी।

पिता सुदीप शर्मा ने पुलिस को बताया कि करीब दो-तीन वर्ष पहले आदित्य मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था। उस समय उसका उपचार कराया गया था, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई थी। हाल के दिनों में उसके व्यवहार में किसी प्रकार की असामान्यता दिखाई नहीं दी थी। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह परिवार भी नहीं समझ पा रहा है।

घटना की सूचना पर थाना बाह पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाइसेंसी राइफल को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस को शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor