फतेहपुर सीकरी में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों का अभिनंदन, प्रशांत पौनिया बोले- मोदी सरकार ने महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर और सशक्त

फतेहपुर सीकरी। भारतीय जनता पार्टी की महिला शक्ति और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन फतेहपुर सीकरी स्थित ऋद्धि सिद्धि रिसोर्ट में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष पूनम राजमल अग्रवाल के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह की उपस्थिति में महिला मोर्चा की नव पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न संगठनात्मक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

Nov 16, 2026 - 22:27
 0
फतेहपुर सीकरी में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों का अभिनंदन, प्रशांत पौनिया बोले- मोदी सरकार ने महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर और सशक्त
फतेहपुर सीकरी में आयोजित समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह का स्वागत करते कार्यकर्ता।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार ग्रहण करने के बाद से ही महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक फैसले किए हैं। महिलाओं के बैंक खाते खुलवाने, उन्हें गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने, आंगनबाड़ियों को स्वावलंबी बनाने और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। देश की सुरक्षा और आतंकवादी हमलों से निपटने में भी सेना में महिलाओं को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था के चलते महिलाएं अब रात्रि में भी सुरक्षित आवागमन कर सकती हैं।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को पंचायत से लेकर संसद तक नेतृत्व करने के अवसर और अधिकार दिए हैं। इसके लिए उन्होंने देश की महिला शक्ति की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी की सभी महिला कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों में एकजुट होकर सक्रिय भागीदारी निभाने और पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

समारोह का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष पूनम राजमल अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की नव निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महिला मोर्चा की पदाधिकारी मनीषा जैन, मीना देवी, मीना गुप्ता, आशा देवी, सुधा बघेल, डॉ. सरला, अनुपमा चौहान, पूजा शर्मा और राजेश्वरी उपस्थित रहीं।

इसके अलावा फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, जिले के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और मंडल कार्यकारिणी के सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में महिला मोर्चा की संगठनात्मक मजबूती, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और पार्टी की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor