भगवान टॉकीज पर पांच दिन पहले हुई चेन स्नैचिंग का खुलासा, लखनऊ के दो बदमाश आगरा में गिरफ्तार

आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में महिला से चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भगवान टॉकीज के पास महिला की चेन झपटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने पांच दिन के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़कर लूटी गई चेन के टुकड़े और स्कूटी बरामद कर ली। दोनों आरोपी लखनऊ के रहने वाले हैं।

May 21, 2026 - 18:28
 0
भगवान टॉकीज पर पांच दिन पहले हुई चेन स्नैचिंग का खुलासा, लखनऊ के दो बदमाश आगरा में गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में दोनों चैन स्नैचर।

आगरा। आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में महिला से चेन लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन के दो टुकड़े और घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को पीड़िता ने थाना न्यू आगरा में तहरीर देकर बताया था कि 16 मई की रात करीब 9 बजे वह भगवान टॉकीज चौराहे के पास केले खरीद रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक अचानक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से चेन खींच ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चेन स्नैचिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

इसी क्रम में 21 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो युवक खासपुर चौराहे के पास लाल गढ़ी रोड पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अरबाज पुत्र गुलाम हुसैन और मोहम्मद समीर पुत्र अलताफ अहमद निवासी शिव नगर खदरा, निराला नगर, लखनऊ के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने महिला से चेन लूटने की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि 16 मई की रात उन्होंने भगवान टॉकीज चौराहे के पास स्कूटी से पहुंचकर महिला को निशाना बनाया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई चेन के दो टुकड़े और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली है। थाना न्यू आगरा पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी शहर में हुई अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।