हेल्प आगरा की एम्बुलेंस सेवा को मिली नई रफ्तार, जेके सीमेंट ने भेंट की आधुनिक ईको एम्बुलेंस; सोलर प्लांट के लिए पांच लाख रुपये का सहयोग भी दिया
आगरा। चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंदों की सहायता कर रही संस्था हेल्प आगरा की आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को और मजबूती मिली है। समाजसेवी दीपक कुमार लोहिया की पहल पर जेके सीमेंट की ओर से संस्था को आधुनिक ईको एम्बुलेंस भेंट की गई। सोमवार को हेल्प आगरा भवन पर आयोजित समारोह में जेके सीमेंट के आशीष श्रीवास्तव और मनोज चतुर्वेदी ने एम्बुलेंस की चाबी संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन और महामंत्री गौतम सेठ को सौंपी। इसके साथ ही हेल्प आगरा हॉस्पिटल में स्थापित किए जा रहे 40 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए भी जेके सीमेंट की ओर से पांच लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया गया।
एम्बुलेंस के लोकार्पण अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने इस सहयोग को चिकित्सा सेवा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने जेके सीमेंट परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई एम्बुलेंस मिलने से हेल्प आगरा की आपातकालीन चिकित्सा सेवा और अधिक सशक्त होगी। इससे जरूरतमंद मरीजों तक समय पर और प्रभावी ढंग से चिकित्सा सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि उन जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनरक्षक सुविधा है, जो समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलने के कारण गंभीर संकट में पड़ सकते हैं। संस्था का प्रयास है कि आपात स्थिति में मरीजों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
एम्बुलेंस सेवा के प्रभारी अशोक बंसल ने बताया कि नई ईको एम्बुलेंस के शामिल होने के बाद हेल्प आगरा के बेड़े में कुल 13 एम्बुलेंस हो गई हैं। इससे संस्था की सेवा क्षमता बढ़ेगी और अधिक जरूरतमंदों तक आपातकालीन परिवहन सुविधा पहुंचाई जा सकेगी।
इस अवसर पर समाजसेवी मनीष अग्रवाल (श्री कृष्ण लीला कमेटी), श्रीमती नूपुर लोहिया, जेके सीमेंट परिवार की टीम के सदस्य तथा हेल्प आगरा के उपाध्यक्ष अजय मित्तल, विशेष बंसल, नरेश जैन, नितिन अग्रवाल, राजीव गुप्ता, नंदकिशोर गोयल, ओपी गोयल, राजीव जैन और डॉ. मोहित गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।