केएमआई में 14 सितंबर से हिंदी पखवाड़ा उत्सव, काव्यपाठ-भाषण समेत होंगी पांच प्रतियोगिताएं, कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया पोस्टर विमोचन
आगरा। हिंदी को केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने की पहल के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कन्हैया लाल मानिक लाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ (केएमआई) और स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा हिंदी पखवाड़ा उत्सव आयोजित किया जाएगा। हिंदी दिवस 14 सितंबर के उपलक्ष्य में होने वाले इस उत्सव में काव्यपाठ, त्वरित भाषण, हिंदी निबंध, पोस्टर निर्माण और श्लोक लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भाषा, रचनात्मकता और भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बुधवार को बृहस्पति भवन, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, पालीवाल पार्क में उत्सव की औपचारिक घोषणा की गई। कुलपति प्रो. आशु रानी, केएमआई निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर, स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष विनीता मित्तल और सचिव श्रुति दास ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के पोस्टर का विमोचन किया।
संस्कृत से जुड़े बिना ज्ञान परंपरा को समझना कठिन
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि भारतीय प्राचीन ज्ञान परंपरा का अधिकांश हिस्सा संस्कृत में उपलब्ध है। पुरातन ज्ञान, दर्शन और वैज्ञानिक चिंतन से जुड़ने के लिए संस्कृत के अध्ययन को मजबूत करना जरूरी है। उनका मानना है कि कम से कम कक्षा दसवीं तक स्कूली शिक्षा में संस्कृत का अध्ययन आवश्यक होना चाहिए, क्योंकि संस्कृत का ज्ञान न होने से विद्यार्थी अपनी ज्ञान परंपरा के मूल ग्रंथों और उनके भाव को समझने में कठिनाई महसूस करते हैं।
केएमआई में भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रयोगशाला का सपना
कुलपति ने कहा कि हिंदी को समृद्ध बनाने के साथ उसके मूल स्रोतों और भारतीय भाषायी परंपरा को समझना भी आवश्यक है। हिंदी और संस्कृत के संबंध को नई पीढ़ी तक पहुंचाकर भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से प्रभावी रूप से जोड़ा जा सकता है।
हिंदी को जीवन और अभिव्यक्ति की भाषा बनाने पर जोर
केएमआई निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने कहा कि हिंदी को केवल विषय के रूप में पढ़ने के बजाय जीवन, विचार और अभिव्यक्ति की भाषा बनाने की जरूरत है। काव्यपाठ, त्वरित भाषण, निबंध, पोस्टर और श्लोक लेखन जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की भाषायी दक्षता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होंगी। हिंदी की समृद्ध परंपरा को आधुनिक पीढ़ी से जोड़ना उत्सव का प्रमुख उद्देश्य है।
सुंदर लेखन से व्यक्तित्व विकास का संदेश
स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष विनीता मित्तल ने कहा कि सुंदर और शुद्ध लेखन व्यक्ति के व्यक्तित्व का परिचायक है। हस्तलेखन, श्लोक लेखन और पोस्टर निर्माण को प्रतियोगिताओं में शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी के साथ सुंदर लेखन के लिए भी प्रेरित करना है। डिजिटल युग में भी सुंदर हस्तलेखन का महत्व कायम है।
14 सितंबर को काव्यपाठ प्रतियोगिता
काव्यपाठ प्रतियोगिता 14 सितंबर 2026 को केएमआई के सूर कक्ष में होगी। समय दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रहेगा और प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे शुरू होगी। प्रतिभागियों को अपनी स्वरचित कविता की हार्ड कॉपी उसी दिन सूर कक्ष में डॉ. वर्षा रानी के पास जमा करनी होगी। कविता स्वरचित होना अनिवार्य है और उसका विषय हिंदी भाषा का महत्व एवं राष्ट्रीय चेतना से संबंधित होना चाहिए।
16 सितंबर को त्वरित भाषण
त्वरित भाषण प्रतियोगिता 16 सितंबर 2026 को सूर कक्ष में होगी। इसका समय दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रहेगा। भाषण केवल हिंदी में देना होगा और अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग वर्जित रहेगा। उच्चारण की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा भाषण के लिए तीन मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है।
विद्यालय स्तर पर होंगी तीन प्रतियोगिताएं
विद्यालय स्तर पर हिंदी निबंध लेखन, हिंदी पोस्टर निर्माण और श्लोक लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निबंध हिंदी में लिखना होगा तथा भाषा की शुद्धता, व्याकरण और मात्राओं का विशेष ध्यान रखना होगा। निबंध की शब्द सीमा 250 से 300 शब्द निर्धारित की गई है।
पोस्टर निर्माण में हिंदी भाषा को केंद्र में रखना होगा। इसके लिए शीट संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी और एक विद्यार्थी केवल एक पोस्टर बना सकेगा। प्रतिभागी पेंसिल, क्रेयोन, जलरंग, तैलरंग सहित मान्य चित्रकला सामग्री का प्रयोग कर सकेंगे।
अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता का प्रयास
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. वर्षा रानी, संस्कृत विभाग, केएमआई ने बताया कि प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पंजीकरण एवं प्रतियोगिता संबंधी जानकारी के लिए डॉ. वर्षा रानी से 9671904323 पर संपर्क किया जा सकता है। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए श्रुति दास से 9411925524 पर जानकारी ली जा सकती है।
इस अवसर पर डॉ. वर्षा रानी, डॉ. अमित कुमार सिंह, कंचन, डॉ. मोहिनी दयाल, डॉ. रमा, डॉ. संदीप शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।