आगरा में जैन धर्म की भक्ति का ऐतिहासिक नजारा, 10 पालकियों और दो भव्य रथों के साथ निकली श्रीजी की शोभायात्रा; समवसरण महामंडल विधान के समापन पर भावुक हुए श्रद्धालु

आगरा। छीपीटोला स्थित पारसधाम में आयोजित श्री 1008 समवसरण महामंडल विधान के सातवें दिन रविवार को भक्ति, आस्था और धार्मिक उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर जी महाराज और श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में आगरा में भव्य पालकी एवं स्वर्णमय हाथी वाले रथ के साथ ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 10 भव्य पालकियों में भगवान की प्रतिमाएं विराजमान थीं। चांदी के रथ पर भगवान पार्श्वनाथ और स्वर्णमय हाथी की आकृति वाले लकड़ी के रथ पर भगवान आदिनाथ विराजमान थे।

Nov 16, 2026 - 21:56
 0
आगरा में जैन धर्म की भक्ति का ऐतिहासिक नजारा, 10 पालकियों और दो भव्य रथों के साथ निकली श्रीजी की शोभायात्रा; समवसरण महामंडल विधान के समापन पर भावुक हुए श्रद्धालु
छीपीटोला में निकली श्री जी की शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु महिलाएं।

शोभायात्रा से पहले पारसधाम में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। ब्रह्मचारी तरुण भैया और पंडित विजय शास्त्री ने विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। श्रद्धालुओं ने प्रत्येक चरण में अष्टद्रव्य और अर्घ्य समर्पित कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की। इंद्रदेव के भव्य आगमन, मंगल उद्घोष और धार्मिक जयकारों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

इसके बाद पारसधाम से भव्य रथयात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा छीपीटोला चौराहा, पल्ला मार्केट, अरिहंत मार्केट और छीपीटोला बाजार से होती हुई श्री 1008 श्री पार्श्वनाथ दिगंबर उपाश्रय जैसवाल जैन पंचायती मंदिर, छीपीटोला पहुंचकर संपन्न हुई। यहां भगवान पार्श्वनाथ का मस्तकाभिषेक किया गया।

रथयात्रा में सबसे आगे ढोल-नगाड़ों के साथ घोड़े और ऊंट पर सवार श्रद्धालु जैन ध्वजा लेकर चल रहे थे। इसके बाद इंद्र-इंद्राणियां विभिन्न सजी हुई बग्घियों में सवार होकर शोभायात्रा की भव्यता बढ़ा रहे थे। इनमें सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, माहेंद्र इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र, ब्रह्म इंद्र और द्रव्य परिवार सहित अन्य धार्मिक पात्र शामिल थे। तीन बैंड धार्मिक धुनों से वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे।

शोभायात्रा में 10 पालकियों में भगवान की प्रतिमाएं विराजमान थीं। इसके साथ दो भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहे। एक रथ पर चांदी के सिंहासन में भगवान पार्श्वनाथ और दूसरे स्वर्णमय हाथी की आकृति वाले लकड़ी के रथ पर भगवान आदिनाथ विराजमान थे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

साधन और साधना से ही मिलती है साध्य की सिद्धि: मुनि समत्व सागर

मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ने प्रवचन में कहा कि साधन और साधना के बिना साध्य की सिद्धि संभव नहीं है। जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसे प्राप्त करने के लिए उचित साधन जुटाना और निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। वास्तविक सुख अपने भावों को शुद्ध करने और धर्म के मार्ग पर चलने से मिलता है। उन्होंने भगवान पार्श्वनाथ के प्रति छीपीटोला समाज की गहरी श्रद्धा और भक्ति की सराहना करते हुए कहा कि आगरा की धार्मिक पहचान में छीपीटोला स्थित पार्श्वनाथ जिनालय और मोतीकटरा क्षेत्र का विशेष स्थान है।

उन्होंने चातुर्मास के दौरान श्रद्धालुओं के समर्पण का उल्लेख करते हुए बताया कि अनेक लोग मुनिराजों के सानिध्य के लिए 300 से 400 किलोमीटर की दूरी तय कर पहुंचे और हर दूसरे दिन गुरु दर्शन के लिए आने का उत्साह दिखाया। उन्होंने इसे अनुकरणीय गुरु भक्ति बताते हुए ऐसे श्रद्धालुओं से खड़े होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह भी किया।

मंगल विहार पर भावुक हुए श्रद्धालु

चार माह के चातुर्मास और धार्मिक आयोजनों के बाद तीनों मुनिराजों के मंगल विहार की बेला भी आई। दोपहर में छीपीटोला के श्रद्धालुओं ने भक्ति और जयकारों के साथ मुनिराजों को विदाई दी।

कार्यक्रम में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के पं. विजय जैन शास्त्री, पं. तरुण शास्त्री (इंदौर), प्रवीण जैन, आनंद जैन, रमेश जैन, मुकेश जैन, विवेक जैन, राजीव जैन, चक्रेश जैन, आशीष जैन (बाबा), हरेश जैन, हेमंत जैन, दीपक जैन, सचिन जैन, गौरव जैन, रोहित, विन्नू, नानू और आदिश सहित समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

SP_Singh AURGURU Editor