यूएनजीए में कश्मीर पर तुर्किए की टिप्पणी को भारत ने किया खारिज, दिया ये दो टूक जवाब.  कश्मीर भारत का अभिन्न अंग

तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोगान की तरफ से दिए कश्मीर को लेकर बयान पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है।

Sep 29, 2026 - 22:52
 0
यूएनजीए में कश्मीर पर तुर्किए की टिप्पणी को भारत ने किया खारिज, दिया ये दो टूक जवाब.  कश्मीर भारत का अभिन्न अंग


 
नई दिल्ली। तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की तरफ से दिए यूएनजीए में कश्मीर वाले बयान को भारत ने खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। ये भारत की अखंडता और संप्रभुता का मामला है। 

विदेश मंत्रालय ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, 'आपने देखा होगा कि जिन टिप्पणियों का आपने जिक्र किया, वे तुर्किए के राष्ट्रपति ने की थीं। भारत, यूएन जनरल असेंबली में तुर्किए के राष्ट्रपति द्वारा भारत और भारत के केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बारे में की गई गैर-जरूरी टिप्पणियों को खारिज करता है।'

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'जैसा कि आप समझते होंगे, यह मामला भारत की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता से जुड़ा है, और इस मुद्दे पर किसी बाहरी पक्ष का कोई अधिकार या भूमिका नहीं है।

इससे पहले 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए एर्दोगन ने कहा था कि साउथ एशिया में यह जरूरी है कि कश्मीर मुद्दे समेत सभी विवादों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संबंधित प्रस्तावों के दायरे में बातचीत के जरिए सुलझाया जाए। 

तुर्किए के राष्ट्रपति की तरफ से यह बातें, पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ की मौजूदगी में कहीं गईं। यह एक और मौका था, जब एर्दोगन ने कश्मीर का मुद्दा उठाने के लिए यूएन के मंच का इस्तेमाल किया। वहीं, भारत लगातार इसमें किसी भी तीसरे पक्ष की दखलअंदाजी पर आपत्ति जताता रहा है।

इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत के झंडे वाले 6 कमर्शियल जहाज हॉर्मुज में हैं। 6 विदेशी झंडे वाले कमर्शियल जहाज हैं, जो कार्गो भारत ला रहे हैं। कुल 12 जहाजों में 163 भारतीय नाविक सवार हैं। इसके अलावा 4500 भारतीय नाविक अलग- अलग जहाजों पर हैं। शिपिंग मंत्रालय उनकी सुरक्षा के लिए नजर बनाए हुए है।