लाल सागर में भारतीय जहाज पर हमला, यमन के नजदीक डूबा जहाज, 14 नाविक बचाए गए
लाल सागर में यमन के नजदीक एक भारतीय कार्गो जहाज पर ड्रोन बोट से हमला किया गया है। इस हमले के कारण फैज नूरे औलिया जहाज डूब गया है। यमन की सरकारी सेना ने बताया है कि उसने जहाज पर सवार 14 क्रू सदस्यों का रेस्क्यू किया है, जिनमें से 13 भारतीय और एक यमनी है।
दुबई। लाल सागर में एक भारतीय जहाज पर मंगलवार को यमन के हूती विद्रोहियों ने हमला किया है। इस हमले में भारतीय झंडे वाला जहाज फैज नूरे औलिया डूब गया है। हालांकि, यमन की सरकारी सेना ने बताया है कि उसने जहाज पर सवार सभी क्रू मेंबरों को बचा लिया है। इसमें 13 भारतीय और एक यमनी नागरिक शामिल है। इस जहाज पर विस्फोटकों से भरी नाव (ड्रोन बोट) के जरिए हमला किया गया।
सरकार से जुड़ी नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेस (NRF) ने एक बयान में कहा कि 'फैज नूरे औलिया' (FAIZE NOORE OLIYA) नाम के शिप पर हमले के बाद कोस्ट गार्ड और नेवी की यूनिट्स ने क्रू सदस्यों को बचाने के लिए एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया। यह हमला होदेइदाह बंदरगाह शहर के दक्षिण में लगभग 13 नॉटिकल मील की दूरी पर हुआ था, जिस पर हूती विद्रोहियों का कब्जा है। बयान में यह नहीं बताया गया कि हमला कब हुआ था।
बयान के मुताबिक, शिप पर सवार सभी 14 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। उन्हें मेडिकल मदद दी गई और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। NRF ने इस हमले के लिए यमन के हूती समूह को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, हूतियों ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। यमन 2014 से गृहयुद्ध में उलझा हुआ है। तब से राजधानी सना समेत यमन के उत्तरी हिस्से पर हूती विद्रोहियों का कब्जा है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार कम इलाके पर कब्जा रखती है।