हॉकी वर्ल्ड कप में भारत की बेटियों का कमाल, 52 साल में पहली बार किया ऐसा कारनामा
भारतीय महिला हॉकी टीम ने जर्मनी को 3-1 से हराकर एफआईएच महिला विश्व कप 2026 में पांचवां स्थान हासिल किया।
नई दिल्ली। नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले गए एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के वर्गीकरण मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को 3-1 से हरा दिया। इस यादगार जीत के साथ ही भारत ने टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल कर लिया जो 1974 के बाद से वर्ल्ड कप इतिहास में टीम इंडिया का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मुकाबले की शुरुआत में दोनों ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती दो क्वार्टर में कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। हालांकि, मैच के तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। इशिका चौधरी और नवनीत कौर ने कुछ ही मिनटों के अंतराल में दनादन दो गोल दागकर भारतीय टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी और जर्मन रक्षापंक्ति को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया।
मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर में नवनीत कौर ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए मुकाबला का तीसरा और अपना व्यक्तिगत दूसरा गोल दागा। इससे भारत की जीत लगभग तय हो गई। हालांकि, खेल के अंतिम पलों में जर्मनी की ओर से लिन क्रिंग्स ने एक गोल कर अंतर को थोड़ा कम करने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और भारत ने 3-1 से मैच अपने नाम कर लिया।
शुरुआती 1974 के वर्ल्ड कप संस्करण में चौथे स्थान पर रहने के बाद यह विश्व कप इतिहास में भारतीय महिला हॉकी टीम का अब तक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। मुख्य कोच शोअर्ड मारिने के मार्गदर्शन में उतरी भारतीय टीम के लिए 2026 विश्व कप अभियान की यह एक बेहद सम्मानजनक और यादगार समाप्ति साबित हुई।
इससे पहले टूर्नामेंट के दौरान सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई थी। टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए एक बेहद कड़े और गोलरहित (0-0) ड्रॉ मैच के कारण अंतिम-4 में जाने का मौका गंवाना पड़ा था।