आगरा में खेरिया पुल के नीचे मिली मथुरा जंक्शन से चुराई गई मासूम बच्ची, आरोपी गिरफ्तार
मथुरा/आगरा। मथुरा जंक्शन से शुक्रवार रात मां के पास सो रही एक साल की मासूम बच्ची को उठा ले जाने के मामले का 41 घंटे बाद पर्दाफाश हो गया है। बच्ची आगरा कैंट स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर ली गई है। मथुरा जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आगरा के खेरिया पुल के नीचे से बच्ची को आरोपी सतीश के कब्जे से बरामद किया गया। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
-धौलपुर का है आरोपी सतीश, जीआरपी और आरपीएफ ने ऑपरेशन मुस्कान को 41 घंटे में दिया अंजाम
मथुरा रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार देर रात यह सनसनीखेज वारदात हुई थी, जिसमें सोती हुई एक साल की मासूम बच्ची को एक व्यक्ति उठाकर ट्रेन से फरार हो गया था। घटना के समय मां टॉयलेट गई थी, तभी मौका देखकर आरोपी ने बच्ची सरस्वती (1 वर्ष) को गोद में उठाया और जनसंपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ गया। यह ट्रेन आगरा की ओर जा रही थी। मां पूजा जब लौटी तो बच्ची गायब थी। इसके बाद प्लेटफार्म पर चीख-पुकार मच गई और जीआरपी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
इंस्पेक्टर यादराम सिंह के नेतृत्व में जीआरपी ने प्लेटफार्म के सभी कैमरे खंगाले। फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी बच्ची को लेकर ट्रेन में चढ़ा और मथुरा से आगरा की तरफ निकल गया। तुरंत जीआरपी और आरपीएफ की तीन मंडल स्तरीय टीमें गठित की गईं।
41 घंटे बाद बच्ची बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कड़ी घेराबंदी के बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अपहरणकर्ता सतीश पुत्र दुर्गपाल को आगरा कैंट स्टेशन के समीप खेरिया पुल के नीचे से दबोच लिया। उसके कब्जे से सकुशल बच्ची बरामद कर ली गई।
पकड़े गए आरोपी सतीश ने पूछताछ में बताया कि वह मूल रूप से मदीना कॉलोनी, थाना मनिया, धौलपुर (राजस्थान) का निवासी है। दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है और शुक्रवार को जनसंपर्क क्रांति से मथुरा उतरा था। वहीं मौके का फायदा उठाकर बच्ची का अपहरण कर आगरा की ओर भाग निकला। सीओ जीआरपी नजमुल हुसैन रिजवी के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
41 घंटे बाद अपनी बच्ची सरस्वती को पाकर मां पूजा की आंखें छलक उठीं। वह बच्ची को दुलार करती रही जबकि पिता आनंद ने जीआरपी व आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई पर आभार व्यक्त किया। सीओ ने कहा कि यह जीआरपी की त्वरित कार्रवाई का नतीजा है।