शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से बढ़ाईं नजदीकियां: शादीशुदा निकला सिपाही, बरेली के एसएसपी ने किया निलंबित, हकीकत सामने आने पर सदमे में पहुंची महिला कांस्टेबल, अधिक दवाइयां खाने से अस्पताल में भर्ती, विभागीय जांच शुरू

-आरके सिंह- बरेली। बरेली पुलिस विभाग में तैनात एक सिपाही द्वारा अपनी शादी की बात छिपाकर महिला कांस्टेबल से प्रेम संबंध बनाने और शादी का झांसा देने का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने आरोपी सिपाही अमित चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उधर, सिपाही की हकीकत सामने आने के बाद मानसिक आघात से गुजर रही महिला कांस्टेबल ने कथित रूप से अधिक मात्रा में दवाइयों का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Jun 9, 2026 - 13:15
 0
शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से बढ़ाईं नजदीकियां: शादीशुदा निकला सिपाही, बरेली के एसएसपी ने किया निलंबित, हकीकत सामने आने पर सदमे में पहुंची महिला कांस्टेबल, अधिक दवाइयां खाने से अस्पताल में भर्ती, विभागीय जांच शुरू

शादीशुदा होने की बात छिपाकर नजदीकी बढ़ाई

जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के थाना शाही में तैनात वर्ष 2020 बैच का सिपाही अमित चौधरी जिले में तैनात वर्ष 2025 बैच की एक महिला कांस्टेबल के संपर्क में आया। शिकायत के मुताबिक अमित ने शुरुआत में स्वयं को अविवाहित बताया और धीरे-धीरे महिला कांस्टेबल से नजदीकियां बढ़ा लीं। आरोप है कि उसने शादी का भरोसा दिलाकर भावनात्मक संबंध स्थापित किए।

31 मई को खुली सच्चाई

महिला कांस्टेबल को 31 मई को जानकारी मिली कि अमित चौधरी पहले से शादीशुदा है। यह जानकारी मिलते ही वह गहरे सदमे में चली गई। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी सिपाही ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर उसे लंबे समय तक भ्रम में रखा।

मानसिक आघात के बाद बिगड़ी तबीयत

मामले की सच्चाई सामने आने के बाद महिला कांस्टेबल मानसिक रूप से टूट गई। बताया जा रहा है कि उसने अधिक मात्रा में दवाइयों का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

महिला कांस्टेबल ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल जांच के आदेश दिए और क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार को मामले की जांच सौंपी।

जांच में दोषी पाया गया सिपाही

क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी सिपाही अमित चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने मामले में विस्तृत विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में आरोप पूरी तरह सिद्ध होने पर आरोपी सिपाही के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

विभाग में चर्चा का विषय बना मामला

पुलिस विभाग से जुड़ा यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक पुलिसकर्मी द्वारा अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर सहकर्मी महिला कांस्टेबल से संबंध बनाने के आरोपों ने विभागीय आचरण और नैतिक जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की निगाहें विभागीय जांच और उसकी अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

SP_Singh AURGURU Editor