करवाचौथ पर एक बेटी ने रचे मेहंदी से दूसरी के हाथ, महाशिविर में हजार सुहागिनों का साज-श्रृंगार
आगरा। करवा चौथ के पर्व पर जहां सुहागिनें पति की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए व्रत रखती हैं, वहीं इस दिन का साज-श्रृंगार भी महिलाओं के आकर्षण का केंद्र होता है। इसी श्रृंगार की परंपरा को जीवंत करते हुए सेवा आगरा और संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय की ओर से करवाचौथ के अवसर पर निःशुल्क मेहंदी महाशिविर का आयोजन किया गया।
-सेवा आगरा व संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय ने आयोजित किया निःशुल्क मेहंदी महाशिविर, 50 छात्राओं ने हाथों में रचाई मेहंदी
इस विशेष आयोजन में महाविद्यालय की 50 छात्राओं ने एक हजार सुहागिन महिलाओं और बेटियों के हाथों पर मेहंदी रचाई, जिसमें पारंपरिक और आधुनिक डिज़ाइन दोनों का समावेश रहा। किसी ने अपने हाथों पर पिया के नाम की मेहंदी लिखवाई तो किसी ने मोर, बेलबूटे और फूलों की कलाकारी से हाथ सजवाए।
कार्यक्रम के संस्थापक अध्यक्ष एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट तथा सुमन गोयल ने बताया कि करवा चौथ का व्रत पति-पत्नी के प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं पूरे दिन निर्जल उपवास रखकर अपने जीवनसाथी की दीर्घायु के लिए प्रार्थना करती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सजने-संवरने और मेहंदी लगवाने के लिए भटकना न पड़े, इसलिए सेवा भावना से यह शिविर आयोजित किया गया।
चेयरमैन मनमोहन चावला और निर्देशक रविकांत चावला ने बताया कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं को सांस्कृतिक अनुभव के साथ-साथ स्वावलंबन का प्रशिक्षण देना भी था। उन्होंने कहा कि 50 बालिकाओं द्वारा सुरक्षित वातावरण में आयोजित यह आयोजन न केवल त्यौहार की खुशियाँ बढ़ाने वाला रहा, बल्कि बेटियों में आत्मनिर्भरता का भाव भी जगाने वाला रहा।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बालिकाओं को उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मोहिनी तिवारी, तनु चावला, जाग्रति मित्तल, प्रीति चावला, हरिओम गोयल, नंदनी चौधरी, अदिति गहलोत, मुस्कान गुप्ता, प्रिय वैश्य, एंजिल अग्रवाल, छवि रावत, सिमरन यादव, अनु वर्मा, शानू, खुशी आदि उपस्थित रहीं।
मेहंदी की खुशबू और करवाचौथ की रौनक से पूरा माहौल स्नेह और परंपरा के रंगों में सराबोर रहा।
Top of Form