आगरा को साफ सुथरा रखने की मुहिम में नगर निगम के साथ जुटा लीडर्स आगरा
आगरा। सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा ने स्वच्छता अभियान में नगर निगम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का संकल्प लिया है। इंदौर मॉडल को ध्यान में रखते हुए संस्था अब शहर के छोटे-बड़े दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित करेगी। इस उद्देश्य को लेकर लीडर्स आगरा परिवार ने शुक्रवार को नगर निगम परिसर में आयोजित एक सादे समारोह में नागरिकों को पॊलीथिन त्यागने का आग्रह किया और कपड़े के थैले वितरित किए।
-शहर भर के दुकानदारों को डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित करेगी संस्था
कार्यक्रम में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने कपड़े के थैले भेंट किए। इसके साथ ही डस्टबिन रखने और थैले प्रयोग को बढ़ावा देने संबंधी प्रेरक पोस्टर का विमोचन भी नगर आयुक्त द्वारा किया गया।
सुनील जैन और कार्यक्रम संयोजक पार्षद शरद चौहान ने बताया कि अभियान को समर्थन देने वालों में तपन फाउंडेशन, डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता, डॉ. अनूप खरे और डॉ. बीके अग्रवाल भी शामिल हैं। ये सभी कपड़े के थैलों के उपयोग को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के नगर निगम सलाहकार डॉ. बलजीत सिंह, लीडर्स आगरा के सुनील बग्गा समेत सदस्य नागरिकों को स्वयं जाकर जागरूक कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह नागरिकों का सहयोग मिला तो सफाई सर्वेक्षण में आगरा अव्वल स्थान पा सकता है।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, भाजपा पार्षद दल के नेता शेरा भाई, पार्षद रवि माथुर, पार्षद शरद चौहान, पार्षद राकेश जैन, पार्षद अमित सिंह पटेल, पार्षद निरंजन सिंह, तथा लीडर्स आगरा परिवार से सुनील जैन, सुनील बग्गा,राहुल जैन, ऋतुराज दुबे, अवधेश उपाध्याय, पूजा भौमिक भी उपस्थित रहे।