करनाल में जुटे 21 राज्यों के मेयर, रेणुबाला गुप्ता बनीं महापौर परिषद की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष
करनाल। हरियाणा के करनाल स्थित नूर महल में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद के 53वें वार्षिक सम्मेलन में देशभर के 21 राज्यों से आए 70 से अधिक महापौरों ने भाग लेकर संगठन की भावी रणनीति पर मंथन किया। इस ऐतिहासिक मंच पर सर्वसम्मति से करनाल की महापौर रेणुबाला गुप्ता को परिषद की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया का संचालन सांसद और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन ने चुनाव अधिकारी के रूप में किया। सम्मेलन में शहरी विकास और नगर निकायों की चुनौतियों पर भी गहन चर्चा हुई।
-चुनाव अधिकारी के रूप में सांसद नवीन जैन ने संपन्न कराई चुनाव प्रक्रिया
इस पूरी चुनाव प्रक्रिया का संचालन राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने बतौर चुनाव अधिकारी किया। उल्लेखनीय है कि नवीन जैन पूर्व में आगरा के महापौर रह चुके हैं और परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
रेणुबाला गुप्ता का मेयर काउंसिल से जुड़ाव लंबे समय से रहा है। वे परिषद में उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय रही हैं और उस कार्यकाल में जब नवीन जैन अध्यक्ष थे, तब उन्होंने कोषाध्यक्ष की भूमिका भी निभाई थी। संगठन के विभिन्न स्तरों पर काम करने का उनका अनुभव ही उन्हें इस शीर्ष पद तक लेकर आया है।
सम्मेलन के दौरान नवीन जैन ने रेणुबाला गुप्ता को पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर श्री जैन ने कहा कि अखिल भारतीय महापौर परिषद हमेशा नगर निकायों को सशक्त बनाने और शहरी विकास को गति देने की दिशा में कार्य करती रही है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नई राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में परिषद और भी प्रभावी, संगठित और परिणाममुखी तरीके से आगे बढ़ेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व गृह मंत्री एवं परिषद के संगठन महामंत्री उमा शंकर गुप्ता, परिषद की निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष माधुरी अतुल पटेल, विधायक जगमोहन आनंद, विधायक राम कुमार कश्यप, विधायक योगेंद्र राणा सहित देशभर से आए अनेक महापौर और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान शहरी विकास, स्थानीय निकायों की भूमिका और नगर निकायों की चुनौतियों जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।