मिशन शक्ति अभियानः महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली रैली, सुरक्षा-सशक्तिकरण का संदेश
आगरा। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के तहत सोमवार को आगरा कमिश्नरेट में महिला पुलिसकर्मियों ने भव्य वाहन रैली निकाली। पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुज़री इस रैली को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला पुलिसकर्मियों ने दोपहिया, चारपहिया और पीआरवी वाहनों के साथ पूरे शहर में सुरक्षा व जागरूकता का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से हुआ। रैली पचकुइयां, कोठी मीना बाजार, साकेत चौराहा, बोदला, कारगिल चौराहा, भावना टावर, मदिया कटरा, लोहामंडी होते हुए पुनः परेड ग्राउंड पर समाप्त हुई। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
रैली में सभी थानों और शाखाओं में तैनात महिला आरक्षियों के साथ-साथ 112 पीआरवी वाहन और पी.ए. सिस्टम भी शामिल रहे। महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से इस अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति केंद्रों के संचालन पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि महिला केंद्रित कार्यप्रणाली विकसित की जा सके।
इस अवसर पर सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त समेत बड़ी संख्या में महिला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें नोडल अधिकारी पूनम सिरोही, एसीपी सैंया सुकन्या शर्मा, एसीपी शमसाबाद अमीषा, महिला शक्ति प्रभारी निरीक्षक शैली राणा, एंटी रोमियो प्रभारी निरीक्षक हेमलता व उनकी टीम शामिल रही। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि पुलिस उनके सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।