'दयालुता को कर्म बनाने' का मिशन शुरू! लायंस डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 ने सेवा, स्वास्थ्य और मानवता का बनाया नया रोडमैप

आगरा। लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 वर्ष 2026-27 में "दयालुता के साथ सेवा" के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का संदेश पहुंचाएगा। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रामनारायण वर्मा ने वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित आवश्यक बैठक में मंडलाध्यक्षीय कार्ययोजना की घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष का लक्ष्य केवल सेवा गतिविधियों का विस्तार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक सेवा कार्य को दयालुता, करुणा और संवेदनशीलता से जोड़कर समाज में स्थायी सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

Jul 25, 2026 - 18:48
 0
'दयालुता को कर्म बनाने' का मिशन शुरू! लायंस डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 ने सेवा, स्वास्थ्य और मानवता का बनाया नया रोडमैप
लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रामनारायण वर्मा वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित आवश्यक बैठक में वर्ष 2026-27 की मंडलाध्यक्षीय कार्ययोजना की घोषणा करते हुए। साथ मौजू हैं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम अजय भार्गव, मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर योगेश बंसल, रीजन चेयरपर्सन अनिल गणपति आदि।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 का ध्येय वाक्य "दयालुता के साथ सेवा" तथा इस वर्ष का विषय "दयालुता को कर्म में बदलना" रखा गया है। इसके माध्यम से प्रत्येक लायन सदस्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश पहुंचाने का कार्य करेगा।

रामनारायण वर्मा ने कहा कि इस वर्ष ऐसा सेवा-भावी एवं संवेदनशील मंडल तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक लायन सहानुभूति के साथ नेतृत्व करेगा, प्रेमपूर्वक सेवा करेगा तथा प्रत्येक समुदाय में दयालुता की भावना का विस्तार करेगा। मंडल का उद्देश्य छोटे-बड़े सभी सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और पूरे डिस्ट्रिक्ट में दयालुता की मजबूत श्रृंखला स्थापित करना है।

आठ प्रमुख सेवा क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए मंडल ने आठ प्रमुख सेवा क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। इनमें दयालु नेतृत्व का विकास, महिला सशक्तिकरण एवं जरूरतमंदों की सहायता, दृष्टि संरक्षण, भूख उन्मूलन, मधुमेह नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, बाल कैंसर एवं मानवीय सेवा से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख हैं।

इसके अलावा एलसीआईएफ इंडिया के लिए निधि संग्रह, लियो क्लब, लायंस क्वेस्ट, पीस पोस्टर प्रतियोगिता, युवा नेतृत्व विकास कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, मधुमेह, बाल कैंसर एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, वरिष्ठ लायन साथियों द्वारा नए पदाधिकारियों का मार्गदर्शन, मूक प्राणियों के भोजन, आश्रय एवं टीकाकरण अभियान तथा विद्यार्थियों के लिए पुस्तक वितरण, शैक्षणिक सहयोग और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे कार्यक्रम भी पूरे वर्ष संचालित किए जाएंगे।

हर तिमाही में मनाया जाएगा 'दयालुता सप्ताह'

रामनारायण वर्मा ने बताया कि पूरे वर्ष प्रत्येक तिमाही में 'दयालुता सप्ताह' का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही दयालुता श्रृंखला परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक लायंस क्लब दूसरे क्लब को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करेगा, जिससे सेवा की यह श्रृंखला लगातार आगे बढ़ती रहे।

उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं क्लबों को 'दयालुता सम्मान' प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग समाजसेवा से जुड़ सकें।

स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी सर्वोच्च प्राथमिकता

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने कहा कि आगामी सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, मधुमेह जागरूकता, नेत्र चिकित्सा, बाल कैंसर और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर व्यापक अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों के समन्वय से डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 समाज में नई मिसाल स्थापित करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि सेवा को केवल कार्यक्रम न मानें, बल्कि अपने जीवन का संस्कार बनाएं। यदि प्रत्येक सदस्य दयालुता के साथ सेवा करेगा तो निश्चित रूप से डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 समाज में सकारात्मक परिवर्तन का अग्रदूत बनेगा।

रामनारायण वर्मा ने कहा, जहां दयालुता है, वहां सेवा है और जहां सेवा है, वहीं सच्चा लायनवाद है।

बैठक में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम अजय भार्गव, मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर योगेश बंसल, रीजन चेयरपर्सन अनिल गणपति सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor