उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने किया अपने उत्तराधिकारी का ऐलान,  अपनी बेटी किम जू ए को सौंपेंगे सत्ता

नॉर्थ कोरिया के शासक किम जोंग उन तानाशाही की वजह से दुनियाभर में मशहूर हैं। अब 42 साल के किम ने अपनी सत्ता का वारिस ढूंढ लिया है।  किम के उत्तराधिकारी को तैयार किया जा रहा है।

Feb 12, 2026 - 22:34
 0
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने किया अपने उत्तराधिकारी का ऐलान,  अपनी बेटी किम जू ए को सौंपेंगे सत्ता

प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी किम जू ए को उत्तराधिकारी के रूप में चुन लिया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (एनआईएस) ने आज संसद के सदस्यों को बंद कमरे में ब्रीफिंग देते हुए यह जानकारी दी। एनआईएस ने कहा कि किम जू ए अब 'उत्तराधिकारी नियुक्ति के चरण' में पहुंच चुकी हैं। पहले एनआईएस उन्हें 'उत्तराधिकारी प्रशिक्षण' में बता रही थी, लेकिन अब आकलन बदल गया है। यानी उत्तर कोरिया में किम परिवार की चौथी पीढ़ी तक सत्ता पहुंचाने का काम शुरू हो चुका है.।

किम जू ए के बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक है। माना जाता है कि उनकी उम्र करीब 13 साल है और वे 2013 में पैदा हुई थीं। वह नवंबर 2022 में पहली बार दिखाई दी थीं, जब एक लंबी दूरी की मिसाइल टेस्ट हुआ था। इसके बाद से वे अपने पिता के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में दिखाई दी हैं, जैसे हथियार परीक्षण, सैन्य परेड, फैक्ट्री उद्घाटन और हाल ही में कोरियाई पीपुल्स आर्मी की स्थापना दिवस पर।

जनवरी 2026 में उन्होंने कुमसुसन सन पैलेस (किम परिवार का प्रतीकात्मक मकबरा) का दौरा किया, जो उत्तराधिकार के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है। सितंबर 2025 में वे पिता के साथ बीजिंग गईं, जो उनकी पहली विदेश यात्रा थी। वहां वे चीनी नेता शी जिनपिंग से मिलीं और उत्तर कोरियाई दूतावास में कार्यक्रमों में शामिल हुईं। एनआईएस का कहना है कि इन घटनाओं से पता चलता है कि किम जू ए अब नीतिगत मामलों पर राय दे रही हैं और उन्हें दूसरे सबसे ऊंचे पद पर माना जा रहा है।

एनआईएस ने यह आकलन कई आधारों पर किया है। इसमें उनकी बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी, सैन्य कार्यक्रमों में हिस्सा, कुमसुसन पैलेस दौरा और कुछ नीतियों पर उनकी राय शामिल है। एनआईएस अब बारीकी से देख रही है कि क्या किम जू ए आगामी वर्कर्स पार्टी कांग्रेस में पिता के साथ दिखती हैं, वहां उन्हें कोई आधिकारिक पद मिलता है या नहीं। अगर ऐसा हुआ तो उत्तराधिकार की अटकलें और मजबूत होंगी।

यह खबर ऐसे समय आई है जब उत्तर कोरिया इस महीने के अंत में अपनी 9वीं पार्टी कांग्रेस बुलाने जा रहा है। यह कांग्रेस हर पांच साल में होती है और देश का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन है. यहां किम जोंग उन अगले पांच साल के लिए प्रमुख नीतियां घोषित करेंगे, जिनमें अर्थव्यवस्था, विदेश नीति और रक्षा नीति शामिल है। एनआईएस का अनुमान है कि कांग्रेस 16 फरवरी (किम जोंग इल का जन्मदिन) या चंद्र नववर्ष के बाद हो सकती है।