ओवैसी बोले- पाकिस्तान इस्लाम का दुश्मन, वहां जेल में रहकर बच्चा पैदा कर रहा आतंकवादी
ऒल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अल्जीरिया में पाकिस्तान के खिलाफ तीखा हमला बोला है। वे इन दिनों एक अंतरराष्ट्रीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ यात्रा कर रहे हैं, जो विभिन्न देशों में जाकर आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब कर रहा है।
ओवैसी ने अल्जीरिया में पाकिस्तान के कुख्यात आतंकवादी जकीउर रहमान लखवी का उदाहरण देते हुए कहा कि कुख्यात आतंकवादी जकीउर रहमान लखवी, जो मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है, पाकिस्तान की जेल में बंद था, लेकिन उसी दौरान वह एक बच्चे का पिता भी बन गया। क्या दुनिया का कोई भी देश, जो आतंकवाद के आरोप झेल रहा हो, किसी आतंकवादी को ऐसी छूट दे सकता है?
ओवैसी ने कहा कि लखवी पर मुकदमा तभी चला जब पाकिस्तान एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में आ गया। इससे साफ है कि पाकिस्तान सिर्फ अंतरराष्ट्रीय दबाव में दिखावे की कार्रवाई करता है, असल में वह आतंकवादियों को संरक्षण और समर्थन देता है। उन्होंने वैश्विक समुदाय से अपील की कि पाकिस्तान को एक बार फिर एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में शामिल किया जाए।
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान खुद को इस्लामिक राष्ट्र कहता है। सही बात तो ये है कि पाकिस्तान आतंकवाद का पालक और इस्लाम का दुश्मन है। निर्दोष लोगों की हत्या इस्लाम की शिक्षा नहीं है। पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देकर इस्लाम का अपमान कर रहा है। आतंकवाद को धर्म से जोड़ना ही इस्लाम का सबसे बड़ा विरोध है।