पारसधाम में मुनि समत्व सागर की बाल संस्कार पाठशाला, बच्चों को बताया आत्मकल्याण और शांति का मार्ग; बोले- कषायों का घर्षण ही अशांति की जड़
आगरा। छीपीटोला स्थित पारसधाम में चल रहे श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के छठवें दिन रविवार को आत्मसिंचन बाल संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘गूगल बाबा’ के नाम से विख्यात श्रमण मुनिश्री समत्व सागर महाराज, मुनिश्री शील सागर महाराज और मुनिश्री सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में हुए आयोजन में बालक-बालिकाओं को धार्मिक संस्कार दिए गए। मुनि समत्व सागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि जीवन में प्रत्येक कार्य के पीछे उपादान और निमित्त की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने माचिस की तीली के उदाहरण से समझाया कि मनुष्य के भीतर अशांति और संक्लेश का कारण उसके अपने कषाय और नकारात्मक परिणाम हैं। इनका घर्षण जितना बढ़ेगा, अंतरंग में अशांति की गर्मी उतनी ही पैदा होगी।
विधान में सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र और ब्रह्म इंद्र सहित सभी इंद्र-इंद्राणियों ने भक्तिभाव से अष्टद्रव्य एवं अर्घ समर्पित कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की। विधान के प्रत्येक चरण में भगवान के सहस्र नामों का स्मरण करते हुए आत्मकल्याण, धर्मभावना और विश्व शांति की मंगलकामना की गई।
ब्र. तरुण भैया, पंडित विकर्ष शास्त्री और पंडित विजय शास्त्री ने मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ हवन में भी भाग लिया। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा।
उपादान में शक्ति, निमित्त से कार्य की अभिव्यक्ति
मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने प्रवचन में उपादान और निमित्त के सिद्धांत को समझाते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य की उत्पत्ति के पीछे कोई न कोई कारण अनिवार्य होता है। एक कारण स्वयं उपादान होता है और दूसरा निमित्त के रूप में सहयोग करता है। जीव के भीतर सामर्थ्य होने के बावजूद उचित निमित्त का सानिध्य नहीं मिलने पर कार्य संपन्न नहीं हो पाता। उपादान में कार्य करने की शक्ति होती है, जबकि निमित्त उस शक्ति को प्रकट करने में सहायक बनता है।
उन्होंने माचिस की तीली का उदाहरण देते हुए कहा कि उसके भीतर अग्नि की क्षमता मौजूद रहती है, लेकिन घर्षण के बिना वह प्रकट नहीं होती। इसी तरह मनुष्य के भीतर भी अनेक क्षमताएं होती हैं, जिन्हें उचित परिस्थितियों और निमित्त से जागृत किया जा सकता है।
कषायों का घर्षण पैदा करता है अशांति
मुनि श्री ने कहा कि घर्षण केवल दो वस्तुओं के बीच ही नहीं, मनुष्य के विचारों और भावनाओं के भीतर भी होता है। जब व्यक्ति बार-बार एक ही नकारात्मक विचार और परिणामों में उलझा रहता है तो उसके भीतर संक्लेश और अशांति बढ़ने लगती है। उन्होंने कहा कि जैसे ठंड लगने पर दोनों हाथों को रगड़ने से गर्मी पैदा होती है, उसी प्रकार मन के भीतर बार-बार कषायों का घर्षण होने से अशांति की गर्मी पैदा होती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मचिंतन करने और अपने परिणामों को शांत रखने का संदेश दिया। कहा कि बाहरी परिस्थितियों के बजाय अपने भीतर के भावों को सुधारना जरूरी है। मन में शांति बनाए रखने के लिए क्रोध, द्वेष और नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण रखना चाहिए।
आयोजन में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के पंडित विजय जैन शास्त्री जी, रामेश जैन, प्रवीण जैन, मुकेश जैन, विवेक जैन, राजीव जैन, चक्रेश जैन, शैलेश जैन, आशु वी.के., आशु (बाबा), सनी, विन्नू, सचिन, रोहित तथा मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समस्त मंडल और सकल जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।