आगरा के खेरागढ़ में आधी रात बाद चोर गैंग से पुलिस की मुठभेड़: दो को लगी गोली, पांच गिरफ्तार
आगरा। ज़िले के खेरागढ़ थाना क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से कॉपर तार और तेल चोरी करने वाले शातिर गैंग के पांच बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। इस दौरान हुई जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को पैर में गोली लग गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरोह लंबे समय से बिजली विभाग को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि सोमवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कागारौल रोड से भाकर मार्ग को जोड़ने वाली लिंक रोड पर एक संदिग्ध मैक्स वाहन जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें बैठे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए मोर्चा संभाला और चारों ओर से घेरकर बदमाशों को दबोच लिया। इस मुठभेड़ में दो बदमाश साहूकार और दीवान सिंह गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए आगरा जिला अस्पताल भेजा गया है।
बदमाशों से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह के अन्य सदस्य शिशुपाल उर्फ चंगो (निवासी हिरोड़ा, थाना सैंया), महेश (निवासी कुतकपुर, थाना शमसाबाद) और अजीत (निवासी नगला हरगोविंद जॉनरी, थाना फतेहपुर सीकरी) को भी दबोच लिया है। इनके पास से दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, सात खोखा कारतूस, चार बोरे में चोरी किया गया तांबा तार और एक मैक्स गाड़ी बरामद की गई है।
लाखों का नुकसान कर चुके हैं गिरोह के सदस्य
पुलिस के अनुसार यह गिरोह विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर और तेल चोरी कर उन्हें अवैध रूप से बेचता था। बीते दिनों इन्होंने खेरागढ़ क्षेत्र के गढ़ी ताल गांव से ढाई सौ केवी ट्रांसफार्मर में सेंध लगाकर करीब 5 लाख रुपये मूल्य का तांबा और तेल चुरा लिया था।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और खरीददारों तक भी पहुंचा जा सके।