डिंपल यादव पर पोस्ट से गरमाई सियासत, भाजपा विधायक के घर घेराव से पहले पुलिस ने रोका सपा का काफिला
आगरा में भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी विवाद और गहरा गया। विधायक के आवास का घेराव करने निकले समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। कमला नगर में सपा नेता नितिन कोहली के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई। करीब एक घंटे तक पुलिस और सपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनी रही। बाद में एडीसीपी हिमांशु गौरव ने मौके पर पहुंचकर सपा नेताओं से तहरीर और ज्ञापन लिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
आगरा। आगरा में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव गुरुवार को खुलकर सड़क पर दिखाई दिया। भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में उनके आवास का घेराव करने निकले समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही रोक दिया। कमला नगर क्षेत्र में सपा नेता नितिन कोहली के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
करीब एक घंटे तक चला हंगामा
दोपहर करीब 1:30 बजे सपा नेता नितिन कोहली के आवास पर पार्टी के शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, राहुल चतुर्वेदी, राजपाल यादव सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से सभी भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के आवास की ओर कूच करने वाले थे, लेकिन पुलिस पहले से पूरी तैयारी के साथ मौजूद थी। बैरिकेडिंग हटाने को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कई बार कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जबकि पुलिस उन्हें रोकती रही। लगभग एक घंटे तक दोनों पक्ष आमने-सामने डटे रहे, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
एडीसीपी के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
स्थिति को देखते हुए एडीसीपी हिमांशु गौरव मौके पर पहुंचे। उन्होंने सपा नेताओं से बातचीत की और उनकी शिकायत सुनते हुए ज्ञापन व तहरीर मौके पर ही प्राप्त की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सपा नेताओं ने अपना विरोध समाप्त किया और कार्यकर्ता शांतिपूर्वक लौट गए।
क्या है पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत 19 जुलाई को हुई, जब आगरा उत्तर से भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर सांसद डिंपल यादव के एक इंटरव्यू का वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था "ससुर ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं, अब बहू राममंदिर पर बुलडोजर चलवाने की बात कर रही है। राम विरोधी समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश और देश की जनता करारा जवाब देगी।"
इस पोस्ट पर समाजवादी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई। 20 जुलाई को सपा नेता एवं आगरा उत्तर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नितिन कोहली ने प्रेस वार्ता कर भाजपा विधायक से दो दिन के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो विधायक के आवास का घेराव किया जाएगा और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सपा का आरोप
सपा नेता नितिन कोहली ने कहा कि भाजपा विधायक ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणी कर सांसद डिंपल यादव और समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास किया है। उनका आरोप है कि भाजपा लगातार सपा को बदनाम करने की राजनीति करती रही है और यह पोस्ट भी उसी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रही है।
पुलिस रही पूरी तरह सतर्क
संभावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से अलर्ट था। कमला नगर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और विधायक के आवास की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए और पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति नियंत्रण में रही।