आगरा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भाषण के दौरान कटी बिजली, 15 मिनट रुकी जन चौपाल, डिप्टी सीएम बोले: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

आगरा। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंच से भाषण देते वक्त अचानक बिजली गुल हो गई। मामला आगरा के फतेहाबाद स्थित सती मंदिर परिसर का है, जहां विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत जन चौपाल का आयोजन चल रहा था। मंच पर डिप्टी सीएम जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं को लेकर संबोधन कर रहे थे, तभी अचानक पूरा पंडाल अंधेरे में डूब गया।

Jan 9, 2026 - 19:43
 0
आगरा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भाषण के दौरान कटी बिजली, 15 मिनट रुकी जन चौपाल, डिप्टी सीएम बोले: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
फतेहाबाद क्षेत्र में सती मंदिर पर आयोजित जन चौपाल के दौरान बिजली कटने के बाद डिप्टी सीएम का भाषण रुक गया। इसी दौरान का एक चित्र।

बिजली कटते ही कार्यक्रम ठप हो गया और करीब 15 मिनट तक डिप्टी सीएम का भाषण रुका रहा। मंच पर मौजूद मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी असहज नजर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आगरा खुद दौड़ते हुए व्यवस्था संभालने में जुट गए। अधिकारियों में जनरेटर चालू कराने को लेकर हड़बड़ी रही।

करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद जनरेटर चालू हुआ, तब जाकर कार्यक्रम दोबारा शुरू हो सका। इस दौरान मंच से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने साफ शब्दों में नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रम में इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डिप्टी सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई तय है। 

डिप्टी सीएम की नाराजगी के बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों ने आनन-फानन में व्यवस्थाएं दुरुस्त कीं और आगे किसी भी प्रकार की तकनीकी चूक न हो, इसके निर्देश दिए गए।

जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे। बिजली कटने की घटना को लेकर लोगों में भी चर्चा का विषय बना रहा। प्रशासन की इस चूक ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब बताया जा रहा है कि इस अव्यवस्था के लिए दोष उस ठेकेदार फर्म पर डाला जा रहा है, जिसके ऊपर मंचीय व्यवस्था का दायित्व था। कार्यक्रम स्थल पर जनरेटर भी इसी फर्म ने लगाया था, जो 15 मिनट की देरी से चालू हो सका। बताया जा रहा है कि ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। 

SP_Singh AURGURU Editor