राहुल गांधी ने किया डुसु हार पर मंथन,  टिकट बंटवारे से रणनीति तक पर सवाल,  गलतियों से सबक लेने की सलाह दी

डूसू चुनाव में एनएसयूआई की करारी हार पर राहुल गांधी की बैठक में रणनीति, टिकट बंटवारे और संगठन की तैयारियों पर मंथन हुआ। चारों केंद्रीय पद हारने के बाद जवाबदेही तय करने और संगठन में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया गया।

Sep 28, 2026 - 22:01
 0
राहुल गांधी ने किया डुसु हार पर मंथन,  टिकट बंटवारे से रणनीति तक पर सवाल,  गलतियों से सबक लेने की सलाह दी

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में एनएसयूआई की हार के कारणों की समीक्षा के लिए सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बैठक की। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के साथ हुई इस बैठक में चुनाव में संगठन के खराब प्रदर्शन और उम्मीदवारों के चयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कहा गया कि डूसू चुनाव एनएसयूआई के लिए एक बड़ी परीक्षा थी, लेकिन चारों केंद्रीय पदों पर हार ने संगठन की गंभीर सांगठनिक और रणनीतिक खामियों को उजागर कर दिया। बैठक में हार के लिए जवाबदेही तय करने और संगठन में सुधार की जरूरत पर जोर दिया गया।

डूसू चुनाव में एनएसयूआई एक भी केंद्रीय पद नहीं जीत सकी थी। वहीं, टिकट नहीं मिलने पर बागी होकर चुनाव लड़ने वाले दो उम्मीदवारों ने संगठन के आधिकारिक प्रत्याशियों से अधिक वोट हासिल किए थे। बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई कि आखिर इन उम्मीदवारों को टिकट क्यों नहीं दिया गया और उम्मीदवारों के चयन में क्या कमियां रह गईं।

राहुल गांधी ने चुनाव में हार के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। सोमवार की बैठक में इस रिपोर्ट के आधार पर चुनावी रणनीति, टिकट वितरण और संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गई। चुनाव को एनएसयूआई के लिए अहम परीक्षा बताते हुए कहा गया कि चारों केंद्रीय पदों पर हार को सामान्य चुनावी हार के तौर पर नहीं देखा जा सकता। संगठन की रणनीति और कार्यप्रणाली में गंभीर कमियां सामने आई हैं।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में जवाबदेही तय करने और संगठनात्मक कमियों को दूर करने पर जोर दिया गया। आने वाले हफ्तों में एनएसयूआई के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किए जाने की बात भी कही गई। यह बैठक कांग्रेस कार्यसमिति की मंगलवार को होने वाली बैठक से एक दिन पहले हुई।