आगरा के राजेश कुमार अग्रवाल को आईएचजीएफ स्प्रिंग फेयर 2026 में बेस्ट डिज़ाइन अवॉर्ड
आगरा। शहर के उद्योगपति राजेश कुमार अग्रवाल (पार्टनर – इन्फ्रा इंटरनेशनल) को 61वें आईएचजीएफ दिल्ली स्प्रिंग फेयर 2026 में ‘सर्वश्रेष्ठ डिज़ाइन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा प्रदान किया गया।
यह सम्मान उन्हें ईपीसीएच के निदेशक राकेश कुमार, चेयरमैन नीरज खन्ना तथा शालिनी राजपूत, चेयरपर्सन – हस्तशिल्प विकास बोर्ड छत्तीसगढ़, के हाथों प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि आईएचजीएफ दिल्ली स्प्रिंग फेयर विश्व के सबसे प्रतिष्ठित हस्तशिल्प व्यापार मेलों में शामिल है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से हजारों खरीदार, डिज़ाइनर और निर्यातक भाग लेते हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगरा के उद्यमी को उत्कृष्ट डिज़ाइन के लिए सम्मानित किया जाना न केवल राजेश कुमार अग्रवाल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि आगरा और उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प उद्योग के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत डिज़ाइनों में भारतीय पारंपरिक शिल्पकला की समृद्ध विरासत के साथ आधुनिक डिज़ाइन ट्रेंड और वैश्विक बाज़ार की मांगों का संतुलित समावेश देखने को मिला। उनके उत्पादों में उच्च गुणवत्ता, सृजनात्मक सोच और बारीक कारीगरी को विशेष रूप से सराहा गया, जिसे निर्णायक मंडल के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से भी प्रशंसा प्राप्त हुई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह पुरस्कार उनकी पूरी टीम और आगरा के कुशल शिल्पकारों की अथक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध परंपरा को नवाचार और आधुनिक डिज़ाइन के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाना है। यह सम्मान हमें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
Top of Form