सेवा, समर्पण और संस्कार: श्रावण मास में समाजसेवा के विविध आयामों की जीवंत झलक
आगरा। श्रावण मास के पुण्य अवसर पर आगरा में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा कार्यों की सशक्त श्रृंखला देखने को मिल रही है। चाहे वह वृक्षारोपण हो, गौसेवा हो या परिक्रमार्थियों की सेवा, हर आयोजन में समर्पण, सजगता और संस्कार की त्रिवेणी बहती दिखाई दी।
-वृक्षारोपण, गौसेवा और भक्ति में लीन दिखा आगरा, सेवा कार्यों में जुटे रहे विविध संगठन
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकैडमी व कीड़ा भारती का वृक्षारोपण अभियान
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकैडमी एवं कीड़ा भारती आगरा महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आज वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय पारंपरिक खेलों के प्रचार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नीम, पीपल, बरगद, जामुन, आम, अर्जुन, कदम जैसे ऑक्सीजन देने वाले पौधे रोपे गए।
इस आयोजन में स्थानीय बच्चों, खिलाड़ियों, और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती की ओर से राजेश कुलश्रेष्ठ, रजनीश मित्तल, रोहित दुबे के अलावा अकैडमी के खिलाड़ी बंटी यादव, ज्ञानेंद्र यादव, विपिन यादव, पंकी पहलवान, कमल चाहर, पार्षद डॉ. लाल सिंह कुशवाहा समेत अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। कीड़ा भारती के ब्रज प्रांत एवं महानगर पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि सराहना की।
दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं का वृक्षारोपण संकल्प
ग्रेटर आगरा बार के पूर्व अध्यक्ष राकेश नौहवार के संयोजन में दीवानी कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने सामूहिक वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा, वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव दिनेश चंद्र शर्मा, तान्या जैन, सत्य प्रकाश सक्सेना, बीएस फौजदार सहित दर्जनों अधिवक्ताओं ने पौधे रोपने के साथ ही पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया।
लॉयंस क्लब आकाश की ओर से 37 कुंतल हरे चारे की गौसेवा
लॉयंस क्लब आकाश द्वारा फाउंड्री नगर स्थित राधा कृष्ण गौशाला में मासिक सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत 37 कुंतल हरे चारे की व्यवस्था की गई। क्लब अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने बताया कि गौशाला को गोद लेकर पूरे वर्ष सेवा कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में ज्वाइंट चेयरपर्सन संजीव गुप्ता, एमजेएफ मनोज गुप्ता, पवन पैंगोरिया, नितिन अग्रवाल, सुनीता पैंगोरिया, संजय गुप्ता, अनमोल गुप्ता, तुषार वार्ष्णेय,वीके अग्रवाल और रमेश चंद अग्रवाल सहित दर्जनों पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
बल्केश्वर मेले में रसोई रत्न परिवार ने पिलाया मिल्क शेक
श्रावण मास की परिक्रमा के दौरान मिथिला नगरी स्थित कमला नगर चौराहे पर रसोई रत्न परिवार द्वारा श्रद्धालु भक्तों को मिल्क शेक पिलाया गया। पिछले 21 वर्षों से यह सेवा लगातार की जा रही है। राजा जनक राजेश अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा रविवार रात से शुरू होकर सोमवार सुबह तक चलती है, जिसमें 600 लीटर दूध वितरित किया जाता है।
इस पुण्य कार्य में श्रीमती अंजू अग्रवाल, अनुराज, पलक, पर्व, मिल्की, अविक, कृशिव व सिया अग्रवाल का भी योगदान रहा।