शमसाबाद पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा लुटेरा, पैर में गोली लगी
आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र में साधन सहकारी समिति के सचिव से लगभग पौने तीन लाख रुपये कैश लूटने के आरोपी बदमाशों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश के पैर में गोली लगी है।
गिरफ्तार बदमाश का नाम पुष्पेंद्र बताया गया है। शमसाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि पुष्पेंद्र बाईपास पर मेहरमपुर के पास मौजूद है। पुलिस और एसओजी की टीम ने घेरेबंदी की। आत्मसमर्पण के बजाय पुलिस पर फायरिंग करने पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमे एक गोली पुष्पेंद्र के पैर में लग गई।
घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया है कि पुष्पेंद्र पिछले महीने साधन सहकारी समिति के सचिव से लगभग पौने तीन लाख रुपये कैश लूटने की वारदात में शामिल था। उसके अन्य साथियों की अभी तलाश जारी है।