आगरा में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 13 नवम्बर से, कमला नगर-बल्केश्वर में निकलेगी कंस की दुहाई
आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला में 13 नवंबर से 25 नवम्बर तक आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा। इस बार आयोजन को अधिक आकर्षक बनाने के साथ कुछ प्रसंगों में बदलाव भी किए जा रहे हैं। प्रशासन और यातायात व्यवस्था को देखते हुए कंस की दुहाई की सवारी इस बार शहर के मुख्य क्षेत्रों के बजाय कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र में निकाली जाएगी।
आतिशबाजी बनेगी आकर्षण
महोत्सव में अजय पटाखे वाले की ओर से आतिशबाजी का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। लीला के विभिन्न प्रसंगों के अनुरूप होने वाली आतिशबाजी को इस बार पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी है। इससे दर्शकों के लिए लीला के मंचन के साथ आतिशबाजी भी प्रमुख आकर्षण रहेगी।
यातायात को ध्यान में रखकर बदलाव
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित बैठक में अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कंस की दुहाई की सवारी का मार्ग इस बार बदला गया है। इसे कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र में निकाला जाएगा। गोचरण का मार्ग पूर्व की भांति यथावत रहेगा।
लीला में दिखेगा नया स्वरूप
मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष लीला को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कुछ प्रसंगों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। मंचन के स्वरूप में भी परिवर्तन किया जाएगा, जिससे दर्शकों को श्री कृष्ण लीला का नया और आकर्षक अनुभव मिल सके।
खुशबू और पूनम सम्मानित
बैठक के बाद शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए खुशबू एवं पूनम को ‘बेस्ट टीचर’ के रूप में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विजय रोहतगी, अशोक गोयल, शेखर गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, केके अग्रवाल, केसी अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल, जवाहर लाल आदि उपस्थित रहे। लीला का निर्देशन प्रदीप ठाकुर करेंगे।