महंगाई पर सपा का हल्लाबोल, आगरा में गिरफ्तारी के बाद थाना घेराव, सड़कों पर उतरे सपाई
आगरा में महंगाई और आर्थिक संकट के विरोध में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन पुलिस कार्रवाई के कारण राजनीतिक टकराव में बदल गया। सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को प्रदर्शन से पहले हिरासत में लेने पर कार्यकर्ताओं ने थाना छत्ता का घेराव किया। वहीं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को भी रास्ते में रोककर हाउस अरेस्ट कर दिया गया। कलेक्ट्रेट पर सपाइयों ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘मेलोडी टॉफी’ बांटने वाला दृश्य भी चर्चा में रहा।
सपा शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की गिरफ्तारी से भड़के सपाई, पुलिस से तीखी नोकझोंक
आगरा। आगरा में गुरुवार को महंगाई और आर्थिक संकट के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन अचानक राजनीतिक टकराव में बदल गया। प्रदर्शन से पहले ही सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज सपाइयों ने सीधे थाना छत्ता पहुंचकर घेराव कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सपा ने एक दिन पहले ही महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी और आर्थिक संकट के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। गुरुवार सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता जुटने लगे थे। योजना के मुताबिक महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में जीवनी मंडी से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला जाना था, लेकिन पुलिस ने रणनीति बदलते हुए मार्च शुरू होने से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम उन्हें सीधे थाना छत्ता ले गई। जैसे ही गिरफ्तारी की सूचना कार्यकर्ताओं तक पहुंची, माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में सपाई थाना पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई को “लोकतांत्रिक आवाज दबाने की कोशिश” बताया।
रामजीलाल सुमन को रास्ते में रोका, पुलिस से तीखी बहस
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन भी आगरा पहुंच रहे थे। लेकिन थाना हरीपर्वत पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सांसद के बीच तीखी बहस भी हुई। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। बाद में उन्हें हाउस अरेस्ट कर प्रदर्शन में शामिल होने से रोक दिया गया।
कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी, सरकार पर साधा निशाना
उधर, जिला इकाई के कार्यकर्ता धौलपुर हाउस से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और आर्थिक नीतियों को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब विपक्ष जनता की आवाज उठाता है तो उसे पुलिस बल के जरिए दबाने की कोशिश की जाती है।
‘मेलोडी टॉफी’ ने खींचा सबका ध्यान
प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक विरोध के बीच एक हल्का लेकिन चर्चित दृश्य भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री की हालिया वायरल ‘मेलोडी’ वीडियो के बाद एक सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर मेलोडी टॉफियां लेकर पहुंचा। कार्यकर्ता ने वहां मौजूद लोगों और पार्टी समर्थकों को टॉफियां बांटीं। इस अनोखे अंदाज ने प्रदर्शन के बीच माहौल को अलग रंग दे दिया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
महंगाई पर बोलो तो गिरफ्तारी-सपा
थाना छत्ता पर प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना था कि पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने पर भी पुलिस कार्रवाई की जा रही है, जो विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है।