अभिनेता विजय की चुनावी रैली में भगदड़, 36 लोगों की मौत

चेन्नई। तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से नेता बने विजय की चुनावी रैली के दौरान शनिवार रात (27 सितंबर, 2025) बड़ा हादसा हो गया। अचानक मची भगदड़ में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Sep 28, 2025 - 06:02
 0
अभिनेता विजय की चुनावी रैली में भगदड़, 36 लोगों की मौत

यह रैली वेलुसामीपुरम में शाम लगभग 7:20 बजे शुरू हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विजय का भाषण चल रहा था, तभी अचानक बिजली चली गई और पूरा मैदान अंधेरे में डूब गया। हजारों की भीड़ में भगदड़ मच गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दर्जनों लोग दबकर गिर पड़े।  मरने वालों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रैली में भीड़ का अनुमान शुरुआती आंकड़ों से कहीं ज्यादा रहा। प्रशासन ने 30,000 लोगों की अनुमति दी थी, लेकिन स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार करीब 60,000 लोग पहुंच गए। यह आयोजन स्थल पहले करूर के मध्य में होना था, लेकिन भीड़ और यातायात को लेकर चेतावनी के बाद इसे बदला गया था।

जिला प्रशासन ने इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'वीडियो फुटेज और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी। भीड़ नियंत्रण में चूक साफ नजर आ रही है।'

सूत्रों ने बताया कि मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने पर विचार किया जा रहा है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

राष्ट्रपति मुर्मू ने घटना पर कहा, 'तमिलनाडु के करूर जिले में भगदड़ जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर दुःख हुआ। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।