आगरा में श्री इंद्रध्वज विधान के दसवें दिन पिच्छी परिवर्तन और 458 दीपों की आरती से गूंजा परिसर

आगरा। आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में स्वर्गीय स्वरूपचंद जैन मारसंस की पावन स्मृति में मारसंस परिवार द्वारा एम.डी. जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड, हरीपर्वत में आयोजित अष्टान्हिका महापर्व के अंतर्गत चल रहे श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान का दसवां दिवस भक्ति, उत्साह और श्रद्धा से सराबोर रहा।

Nov 2, 2025 - 19:02
 0
आगरा में श्री इंद्रध्वज विधान के दसवें दिन पिच्छी परिवर्तन और 458 दीपों की आरती से गूंजा परिसर
एमडी जैन इंटर कॊलेज ग्राउंड में रविवार को श्री इंद्रध्वज विधान के दसवें दिन आयोजित कार्यक्रमों की एक झलक।

प्रातःकाल श्रद्धालुओं ने जिनप्रतिमाओं का अभिषेक और वृहद शांतिधारा की। विधानाचार्य डॉ. आनंदप्रकाश जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में भक्तों ने 458 जिन प्रतिमाओं से अलंकृत पंचमेरू एवं नन्दीश्वर द्वीप की दिव्य रचना के समक्ष अर्घ्य अर्पित किए। विश्वशांति, कल्याण और सद्भाव की भावना से ओतप्रोत होकर श्रद्धालुओं ने भक्ति में सहभागिता की।

इसके उपरांत आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ का भव्य पिच्छी परिवर्तन समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भक्तों ने नियमपूर्वक आचार्यसंघ को नवीन पिच्छी भेंट की। भावनाओं से भरे वातावरण में आचार्यश्री के चरणों का पक्षालन, शास्त्र भेंट और मंगल आशीर्वाद प्राप्ति की अनुष्ठानिक क्रियाएं की गईं।

संध्याकाल में पूरा परिसर दिव्यता और प्रकाश से नहाया नजर आया जब 458 दीपों से 458 जिनप्रतिमाओं की मंगल आरती संपन्न हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रभु आराधना की और भक्ति संगीत के साथ आरती में सहभागिता की। परिसर “जय जिनेंद्र” के उद्घोष और भक्ति संगीत से गूंज उठा।

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि इस भव्य श्री इंद्रध्वज विधान का समापन 3 नवम्बर को विश्वशांति महायज्ञ एवं विशाल रथयात्रा के साथ होगा। इस अवसर पर विमलेश जैन, ऊषा जैन, नितिन जैन, मेघना जैन, नीतू जैन, संजय जैन, नीलू जैन, कमल ठोलिया, निशि जैन, अंजू जैन, डॉ. जितेन्द्र जैन, जगदीशप्रसाद जैन, राकेश जैन, मनीष जैन, विमल जैन, रमेश जैन, पंकज जैन, हुकम जैन, संजय जैन, राजेंद्र जैन, शुभम जैन सहित आगरा जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor