बरेली में तीन दिवसीय पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, 52,500 अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए 19 केंद्रों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2026 सोमवार से बरेली में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही इस तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 52,500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सीसीटीवी निगरानी, मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू), विशेष कार्यबल (एसटीएफ) तथा अन्य खुफिया एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया है।

Jun 8, 2026 - 22:12
 0
बरेली में तीन दिवसीय पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, 52,500 अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए 19 केंद्रों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा

पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा के पहले दिन सुबह 8 बजे से ही विभिन्न केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें दिखाई देने लगीं। अभ्यर्थी समय से पहले पहुंचकर निर्धारित जांच प्रक्रिया से गुजरते नजर आए।

बरेली कॉलेज समेत सभी केंद्रों पर उमड़ी भीड़

शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों, विशेष रूप से बरेली कॉलेज के पांच ब्लॉकों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा कर्मियों ने प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और पहचान पत्रों की गहन जांच की। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष तक पहुंचने की अनुमति दी गई।

त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में हो रही परीक्षा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। केंद्रों के भीतर और बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस, मजिस्ट्रेट और एलआईयू की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए एसटीएफ और अन्य खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय रखा गया है।

हर गतिविधि पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी

परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे अभ्यर्थियों की एंट्री से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक हर गतिविधि को रिकॉर्ड कर रहे हैं। निगरानी तंत्र को इस तरह तैयार किया गया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके।

नकलविहीन परीक्षा कराने पर प्रशासन का फोकस

प्रशासन का पूरा जोर परीक्षा को नकलविहीन और विवादमुक्त ढंग से संपन्न कराने पर है। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के पहले दिन व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और अभ्यर्थियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा में भाग लिया। आगामी दो दिनों तक भी इसी प्रकार की सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी।

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा (08 से 10 जून 2026) के मद्देनजर उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की हैं। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। रेलगाड़ियों एवं प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी के लिए नियमित उद्घोषणाएं भी की जा रही हैं।

अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए मुरादाबाद और बरेली स्टेशनों पर अतिरिक्त रैक उपलब्ध कराए गए हैं। इसी क्रम में मुरादाबाद से सीतापुर सिटी के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04302 का सफल संचालन किया गया, जिसका लाभ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को मिला।

स्टेशनों पर अधिकारियों, आरपीएफ, जीआरपी और टिकट जांच स्टाफ द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। टिकट बुकिंग में सुविधा के लिए अभ्यर्थियों को रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने में भी सहायता प्रदान की जा रही है।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पेयजल स्थल एवं शौचालयों की विशेष सफाई कराई गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशनों और ट्रेनों की निगरानी की जा रही है। मुरादाबाद मंडल ने अभ्यर्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

SP_Singh AURGURU Editor