पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि: भारत में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक, झुका रहेगा तिरंगा
नई दिल्ली। ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर भारत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके सम्मान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी बयान में बताया गया कि 88 वर्षीय पोप फ्रांसिस का निधन 21 अप्रैल को हुआ। इसके चलते 22 से 24 अप्रैल तक देश में राजकीय शोक रहेगा।
इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर तिरंगा आधा झुका रहेगा। शोक की अवधि में किसी भी तरह के आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी दया, विनम्रता और आध्यात्मिक नेतृत्व को दुनिया हमेशा याद रखेगी। वे न सिर्फ वेटिकन सिटी, बल्कि पूरी दुनिया के करोड़ों लोगों के लिए आशा और शांति के प्रतीक थे।”
पोप फ्रांसिस का जीवन धार्मिक सहिष्णुता, सेवा और सामाजिक न्याय के संदेश से भरा रहा। उनके निधन से वैश्विक स्तर पर एक युग का अंत माना जा रहा है।