बरेली में भाजपा के दो जनप्रतिनिधियों में सड़क पर तकरार, कथित गाली-गलौज और आस्तीनें खिंचने की चर्चा; क्षेत्रीय अध्यक्ष ने दी सख्त चेतावनी—अनुशासनहीनता के लिए स्थान शून्य

भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की अनुशासन को लेकर की गई सख्त सोशल मीडिया पोस्ट ने बरेली में दो भाजपा जनप्रतिनिधियों के बीच हुई कथित नोकझोंक और गाली-गलौज की चर्चा के बीच राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। हालांकि लोधी ने अपनी पोस्ट को किसी एक घटना से जोड़ने से इनकार किया है, लेकिन उनके सख्त संदेश से साफ है कि ब्रज भाजपा में सार्वजनिक टकराव, गुटबाजी और सोशल मीडिया के जरिए खेमेबंदी को लेकर संगठन अब कड़ा रुख अपनाने के संकेत दे रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस संदेश को पार्टी की एकजुटता और अनुशासन मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Aug 26, 2026 - 13:10
 0
बरेली में भाजपा के दो जनप्रतिनिधियों में सड़क पर तकरार, कथित गाली-गलौज और आस्तीनें खिंचने की चर्चा; क्षेत्रीय अध्यक्ष ने दी सख्त चेतावनी—अनुशासनहीनता के लिए स्थान शून्य
भाजपा के बृज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी।

-आरके सिंह-

बरेली। धोपेश्वरनाथ मंदिर के बाहर गोल चौराहे के पास भाजपा के दो जनप्रतिनिधियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक, कथित गाली-गलौज और आस्तीनें खिंचने की चर्चा के बीच भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की सोशल मीडिया पोस्ट ने संगठन के भीतर हलचल बढ़ा दी है। पोस्ट में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि ब्रज क्षेत्र में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है। विवाद को तूल देने वालों के साथ-साथ संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट पर लाइक, शेयर और कमेंट करने वालों का भी संज्ञान लेने की बात कहकर उन्होंने संगठन के भीतर अनुशासन को लेकर सख्त रुख के संकेत दिए हैं।

धोपेश्वरनाथ मंदिर के बाहर हुआ विवाद: इसी सप्ताह धोपेश्वरनाथ मंदिर परिसर के बाहर गोल चौराहे के पास भाजपा के दो जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद की स्थिति सामने आने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और मामला कथित गाली-गलौज तथा हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। दोनों जनप्रतिनिधियों के गनर और शैडो भी वहां मौजूद बताए गए। इससे पहले भी अलग-अलग कार्यक्रमों में दोनों नेताओं के बीच तनातनी की बातें सामने आती रही हैं।

पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल: विवाद की चर्चा के बीच मंगलवार शाम ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की अनुशासन को लेकर की गई पोस्ट को राजनीतिक गलियारों में इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि पूरनलाल लोधी ने अपनी पोस्ट में किसी व्यक्ति या घटना का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पोस्ट को किसी एक प्रकरण से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

अनुशासनहीनता का स्थान शून्य’: पूरनलाल लोधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “ब्रज क्षेत्र में अनुशासनहीनता का स्थान शून्य है। तिल का ताड़ बनाने वालों की पहचान के लिए तह तक जाएंगे। विवादित पोस्टों पर लाइक, शेयर और कमेंट का भी संज्ञान लिया जाएगा।” उनके इस संदेश को संगठन के भीतर सार्वजनिक बयानबाजी, सोशल मीडिया के जरिए खेमेबंदी और आंतरिक विवादों को सार्वजनिक करने के खिलाफ सख्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।

भवानी सिंह के दौर की याद: पूरनलाल लोधी के इस तेवर ने भाजपा के दिवंगत नेता और पूर्व क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह के दौर की याद भी ताजा कर दी है। उस समय भी संगठन के भीतर गुटबाजी और खेमेबंदी पार्टी के सामने चुनौती बनी हुई थी। भवानी सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया था कि भाजपा किसी नेता के घर या निजी कार्यालय से नहीं, बल्कि पार्टी कार्यालय से चलेगी। उनके इस रुख के बाद संगठनात्मक अनुशासन को मजबूत करने और अलग-अलग खेमों में बंटे नेताओं व कार्यकर्ताओं को पार्टी की तय व्यवस्था के भीतर लाने पर जोर दिया गया था।

2027 से पहले एकजुटता पर जोर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए संगठनात्मक एकजुटता महत्वपूर्ण है। बरेली समेत ब्रज क्षेत्र में नेताओं के बीच मतभेद यदि सार्वजनिक मंचों, कार्यक्रमों या सड़क तक पहुंचते हैं तो इसका असर पार्टी की अनुशासित संगठन वाली छवि पर पड़ सकता है। ऐसे में पूरनलाल लोधी की पोस्ट को संगठन के भीतर खींची जा रही लक्ष्मण रेखा के रूप में भी देखा जा रहा है।

यह तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना’: धोपेश्वरनाथ मंदिर के पास दो वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई कथित नोकझोंक से अपनी पोस्ट को जोड़कर पूछे जाने पर पूरनलाल लोधी ने सीधे तौर पर किसी घटना की पुष्टि नहीं की। शायराना अंदाज में उन्होंने कहा, “यह तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।” उन्होंने स्पष्ट किया कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन में अनुशासन को लेकर उनकी अपनी अपेक्षाएं हैं और इसी सोच के तहत पोस्ट की गई है।

कमेंट नहीं, कार्यकर्ताओं की ‘नब्ज’ पढ़ रहे अध्यक्ष: ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष के मुताबिक, पोस्ट का उद्देश्य कार्यकर्ताओं और आम लोगों की प्रतिक्रिया जानना भी है। वह सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रियाओं को महज कमेंट के रूप में नहीं, बल्कि संगठन के लिए सुझाव के तौर पर देख रहे हैं। इन प्रतिक्रियाओं के आधार पर आगे का रोडमैप तैयार करने की बात भी उन्होंने कही है।

SP_Singh AURGURU Editor