आगरा के वैश्य समाज को ऊर्जा मंत्री का बयान अस्वीकार, माफ़ी नहीं मांगी तो उग्र आंदोलन
आगरा। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके सिंह द्वारा वैश्य समाज पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की कार्यकारिणी बैठक भगवान टॉकीज चौराहा स्थित एक होटल में आयोजित हुई। इस दौरान मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने की मांग उठी, साथ ही उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की भी आवाज बुलंद हुई।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता, डीजीसी क्राइम राधाकृष्ण गुप्ता और डॉ. मुनीश्वर गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि मंत्री के बयान से वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान हुआ है। उन्होंने चेताया कि अगर मंत्री सार्वजनिक रूप से माफ़ी नहीं मांगते तो समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज भाजपा का सबसे निष्ठावान मतदाता है और हमेशा पार्टी के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रसेना ने बताया कि वैश्य समाज अहिंसावादी है लेकिन अपमान सहन नहीं करेगा। उन्होंने घोषणा की कि 5 अगस्त को वाराणसी में राष्ट्रीय कार्यकर्ता प्रतिनिधि सम्मेलन और 6 अगस्त को सामूहिक जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आगरा से सैकड़ों प्रतिनिधि बसों से भाग लेंगे।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अनुराग अग्रवाल और राष्ट्रीय प्रवक्ता इंजीनियर सतीश गुप्ता ने मंत्री के बयान को बेहूदा और अस्वीकार्य बताया। बैठक का संचालन आर्य नरेंद्र सिंघल ने किया।
बैठक में कृष्ण कुमार गोयल, अनिल शिवहरे, तनुज गर्ग, कपिल गोयल, हेमलता अग्रवाल, ममता सिंघल, एकता जैन, नेहा अग्रवाल, पूजा जैन, आशा अग्रवाल, सीमा सिंघल, रेखा अग्रवाल, विजया गुप्ता, अमित गोयल, अजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।