ताले के पीछे तालीम की जीत: बरेली जेल के चार बंदियों की बोर्ड परीक्षा में फर्स्ट क्लास
बरेली| बरेली सेंट्रल जेल 2 में बंदियों की पढ़ाई को लेकर की गई पहल ने रंग दिखाया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जेल में बंद छह बंदियों ने भाग लिया, जिनमें से सभी छह ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में रवि ने 75.8%, शिवम ने 71.30% और अनवर खान ने 75.33% अंक अर्जित कर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। वहीं, मुकेश ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 62.60% अंक लाकर प्रथम श्रेणी पाई।
फैजान खान ने इंटरमीडिएट में 53% के साथ द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इसके अलावा अशोक कुमार ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की।
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जेल प्रशासन द्वारा सभी उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। अधीक्षक मिश्रा ने उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
खास बात यह रही कि जेल में बंद अन्य बंदी ही शिक्षक की भूमिका में थे और परीक्षा देने वाले बंदियों को पढ़ाते थे। जेल प्रशासन ने उनके लिए अंदर ही विशेष अध्ययन व्यवस्था उपलब्ध कराई थी। इस अवसर पर महिला बंदियों ने भी सफल बंदियों को नेक इंसान बनने की सलाह दी और शुभकामनाएं दीं।