मंडप से आगे बढ़ी शादी की अर्थव्यवस्था, एंटरटेनमेंट से मिठाई और गिफ्टिंग तक बढ़ा कारोबार, वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की परिचर्चा में विशेषज्ञों ने बदले ट्रेंड और बढ़ते कारोबार पर की चर्चा

आगरा। भारतीय शादियों में अब केवल रस्मों और परंपराओं पर खर्च नहीं हो रहा, बल्कि एंटरटेनमेंट, फ्यूजन मिठाइयों, गिफ्टिंग, केटरिंग और खास तरह की दूल्हा-दुल्हन एंट्री पर भी बड़ा बजट खर्च किया जा रहा है। शादी में ग्राहक की प्राथमिकताओं और बाजार के बदलते रुझानों पर वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, यूपी-इंडिया की परिचर्चा में विस्तार से चर्चा हुई। होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट, फतेहाबाद रोड पर आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘बियॉन्ड द मंडप : द बिजनेस ऑफ शादी इकोनॉमी’ रहा।

Sep 10, 2026 - 18:38
 0
मंडप से आगे बढ़ी शादी की अर्थव्यवस्था, एंटरटेनमेंट से मिठाई और गिफ्टिंग तक बढ़ा कारोबार, वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की परिचर्चा में विशेषज्ञों ने बदले ट्रेंड और बढ़ते कारोबार पर की चर्चा
वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की गुरुवार को हुई परिचर्चा में मौजूद विशेषज्ञ।

वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि भारतीय शादियां अब केवल परंपरा नहीं, बल्कि बड़ी अर्थव्यवस्था का रूप ले चुकी हैं। कार्यक्रम में ‘एंटरटेनमेंट, फ्लेवर्स एंड गिफ्टिंग—द थ्री पिलर्स ऑफ मॉडर्न इंडियन वेडिंग्स’ थीम के तहत चार प्रमुख सत्रों में शादी उद्योग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

एंटरटेनमेंट बना शादी का बड़ा आकर्षण

एंटरटेनमेंट सत्र का संचालन पुनीत अग्रवाल ने किया। इसमें सनी गुप्ता, विष्णु शर्मा, राहुल कुशवाहा, भूरा भाई, हर्ष सिसोदिया, शिखा जैन और कमलप्रीत सिंह ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि शादी की तैयारियों में ग्राहक अब एंटरटेनमेंट को शुरुआती प्राथमिकताओं में शामिल कर रहे हैं। हर ग्राहक अपनी शादी में कुछ अलग चाहता है, जिससे एंटरटेनमेंट का बजट भी पहले की तुलना में बढ़ा है।

लाइव बैंड, फ्यूजन बैंड, इंडियन बैंड, वेस्टर्न डांस और अब फोक डांस की भी मांग बढ़ रही है। दूल्हा-दुल्हन की एंट्री को खास बनाने का क्रेज भी बढ़ा है। पेपर ब्लास्ट, सीओ2 गैस, स्काई शॉट और कोल्ड अनार जैसे इफेक्ट एंट्री को आकर्षक बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। हल्दी और लेडीज संगीत में भी एंटरटेनमेंट की मांग अधिक रहती है।

फ्यूजन मिठाइयों के साथ कायम है पारंपरिक स्वाद

‘स्वाद का व्यापार—स्वीट्स एंड नमकीन का बदलता दौर’ सत्र को डायरेक्टर गोपाल दास पेठे वाले अमित गोयल ने मॉडरेट किया। इसमें दाऊजी मिष्ठान भंडार से जय अग्रवाल, देवीराम स्वीट्स से संदीप अग्रवाल और सेज केटरर्स से हार्दिक अग्रवाल ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने कहा कि ब्रज की मिठाइयों की अपनी विशिष्ट पहचान है और देशभर में होने वाली प्रमुख शादियों में ब्रज की मिठाइयों की मांग बनी हुई है।

चार सत्रों में शादी उद्योग के बदलते बाजार पर चर्चा

कार्यक्रम में ‘एंटरटेनमेंट एंड आर्टिस्ट्स—संगीत से स्पॉटलाइट तक’, ‘स्वाद का व्यापार—स्वीट्स, नमकीन एंड मिठाई’, ‘द गिफ्टिंग रेवोल्यूशन—गिफ्ट हैंपर्स एंड रिटर्न गिफ्ट्स’ तथा ‘केटरिंग एंड क्युलिनरी आर्ट—केटरर्स आर द रियल स्टार्स’ विषयों पर चर्चा हुई। इनमें मनोरंजन, खाद्य कारोबार, गिफ्टिंग और केटरिंग में हो रहे बदलावों तथा ग्राहकों की नई पसंद पर विचार साझा किए गए।

उद्यमियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम का शुभारंभ वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, वरिष्ठ उद्यमी अमित गोयल, होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट के महाप्रबंधक, इंडस्ट्रीज एक्सपर्ट दीप मोहन सिंह अनरेजा, डायरेक्टर सेल्स मोहित अग्रवाल, एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी संदीप उपाध्याय, उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल और पंकज गोयल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। संचालन आशीष अरोड़ा ने किया। अनिल सविता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

SP_Singh AURGURU Editor