मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ सांसद नवीन जैन ने शुरू कराया नौ दिवसीय महाअनुष्ठान, हजारों महिलाओं की कलशयात्रा से गूंजा कमला नगर

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ईश्वरीय शक्ति, ऊर्जा एवं विवेक प्राप्त होने की मंगलकामना के साथ राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आगरा में नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर पीएनसी परिवार की ओर से श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर में आयोजित इस महाअनुष्ठान की शुरुआत हजारों महिलाओं की मंगल कलशयात्रा और भगवान श्रीजी की रथयात्रा से हुई। चार बैंड, सजे-धजे घोड़ों, ऊंटों और आकर्षक रथों के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए।

Nov 17, 2026 - 21:36
 0
मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ सांसद नवीन जैन ने शुरू कराया नौ दिवसीय महाअनुष्ठान, हजारों महिलाओं की कलशयात्रा से गूंजा कमला नगर
पीएनसी परिवार द्वारा कराए जा रहे श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के लिए मंगलवार को निकाली गई श्रीजी की रथयात्रा में शामिल सांसद नवीन जैन।

मुनिश्री समत्वसागर महाराज, मुनिश्री शीलसागर महाराज और मुनिश्री सुप्रभात सागर महाराज के सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में नौ दिवसीय आयोजन शुरू हुआ।

प्रातः मंदिर परिसर से निकली घटयात्रा में हजारों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण किए। पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिवार सहित एक रथ पर सवार रहे, जबकि दूसरे रथ पर सांसद नवीन जैन परिवार के साथ शामिल हुए। तीसरे रथ पर चक्रेश जैन और चौथे पर योगेश कुमार जैन अपने परिवारों के साथ सवार थे। परिवार के अन्य रिश्तेदारों के लिए भी अलग-अलग रथों की व्यवस्था की गई थी। सक्षम जैन भगवान श्रीजी को लेकर रथ पर चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

घटयात्रा कमला नगर में भ्रमण के बाद मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण एवं मंडप उद्घाटन किया गया। विधान की निर्विघ्न पूर्णता की कामना के साथ श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना और अन्य धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। आयोजन का संचालन मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।

प्रवचन में मुनिश्री समत्वसागर महाराज ने कहा कि परिणामों की विशुद्धि ही आत्मशुद्धि का मार्ग है। सिद्ध भगवान की आराधना व्यक्ति को जीवन शुद्ध बनाने और आध्यात्मिक उन्नति की प्रेरणा देती है।

सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर देशवासियों की सेवा और राष्ट्र के विकास के लिए कार्य करते रहें, इसी भावना से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सामर्थ्य की कामना करते हुए यह अनुष्ठान किया जा रहा है।

पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन ने आयोजन को अपने और परिवार के लिए सौभाग्य का विषय बताया। चक्रेश जैन ने बताया कि 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले विधान में प्रतिदिन पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति और मंगल प्रवचन होंगे। योगेश जैन ने बताया कि दिन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर अभिनंदन जैन, अनिरुद्ध जैन, हर्षवर्धन जैन, अनुज जैन, वैभव जैन, सक्षम जैन, दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी राहुल जैन, शुभम जैन, दिगंबर जैन शिक्षा समिति के महामंत्री जितेंद्र जैन, विमल जैन मारसंस, राजीव जैन, आनंद जैन, कार्तिकेय जैन, मीना जैन, रेनू जैन, आशिता जैन, माधवी जैन, ईशू जैन, निधि जैन, पलक जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन और आयुषी जैन, प्रियंका जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, जैन समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor