लाइक–फॉलोअर की होड़ में यूट्यूबर की अश्लीलता, बच्चों के मोबाइल में घुसा ज़हर
आगरा। आगरा में सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की अंधी दौड़ में कुछ यूट्यूबर अश्लीलता की सारी सीमाएं लांघते नजर आ रहे हैं। इसका सीधा असर मासूम बच्चों पर पड़ रहा है, जो मोबाइल पर रील देखते-देखते आपत्तिजनक कंटेंट का शिकार बन रहे हैं।

फतेहाबाद रोड स्थित मियापुर निवासी रूबी सिंह ने एक यूट्यूबर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रूबी के मुताबिक, उनके दो छोटे बच्चे मोबाइल पर सामान्य रील देख रहे थे, तभी अचानक एक सोशल मीडिया अकाउंट “Focus on Gauri” से अश्लील और आपत्तिजनक रील चल पड़ी। बच्चों के हाथ से मोबाइल लेकर जब उन्होंने उस अकाउंट की प्रोफाइल खंगाली, तो वहां दर्जनों अश्लील वीडियो मौजूद मिले।
रूबी का कहना है कि यह कंटेंट न सिर्फ बच्चों की मानसिकता को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि समाज के लिए भी बेहद खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित यूट्यूबर केवल अश्लील वीडियो ही नहीं बनाती, बल्कि महात्मा गांधी सहित कई महापुरुषों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियों वाले वीडियो पोस्ट कर चुकी है, जो सामाजिक सौहार्द और मूल्यों के खिलाफ है।
महिला ने कहा कि आज के दौर में बच्चे मोबाइल से दूर नहीं रह सकते, लेकिन अगर खुलेआम इस तरह का कंटेंट परोसा जाएगा तो उनके भविष्य पर गहरा असर पड़ेगा। इसी चिंता को देखते हुए उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया, ताकि ऐसे कंटेंट क्रिएटर्स पर सख्त कार्रवाई हो और सोशल मीडिया का दुरुपयोग रोका जा सके।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट ने आईटी एक्ट और अन्य कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन किया है या नहीं।
रूबी सिंह कहा कि आज सोशल मीडिया पर कुछ लड़कियां सिर्फ लाइक और फॉलोअर्स के लिए अश्लीलता फैला रही हैं। बच्चे ऐसे वीडियो देखकर बिगड़ रहे हैं। मैंने शिकायत इसलिए की है ताकि ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो और समाज को बचाया जा सके।