सर्वाइकल कैंसर से लड़ने के लिए आगरा में 100 बालिकाओं को दी गई निःशुल्क वैक्सीन

आगरा। महिलाओं में तेजी से फैल रही और घातक बीमारियों में तीसरे स्थान पर दर्ज सर्वाइकल कैंसर को रोकने की दिशा में आगरा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। एनएसके बेयरिंग्स और एक पहल बी.आर. मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कैंप का आयोजन रश्मि मेडिकेयर सेंटर, आगरा में किया गया। इस विशेष शिविर में विभिन्न स्कूलों की लगभग 100 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन लगाई गई, साथ ही जागरूकता सत्रों के माध्यम से लड़कियों और अभिभावकों को इस बीमारी से बचाव के वैज्ञानिक उपाय बताए गए।

Dec 9, 2025 - 19:44
 0
सर्वाइकल कैंसर से लड़ने के लिए आगरा में 100 बालिकाओं को दी गई निःशुल्क वैक्सीन
शिविर में मौजूद अतिथिगण और वे बालिकाएं जिन्हें वैक्सीन दी गई।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन, एनटीसीपी काउंसलर पूजा कुलश्रेष्ठ, एफएलसी सुशील शर्मा और डीसी एनटीसीपी दिलीप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बालिकाओं और अभिभावकों को तंबाकू-मुक्त जीवन की शपथ दिलवाई तथा कैंसर नियंत्रण में जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डाला।

एक पहल की मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य सीए गौरव बंसल ने कहा कि भारत में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम वैक्सीनेशन है। 9 से 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए यह वैक्सीन विशेष रूप से उपयोगी है, जो शरीर को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है। समय पर वैक्‍सीन और स्क्रीनिंग के जरिए रोग की रोकथाम और उपचार दोनों आसान हो जाते हैं।

100 छात्राओं का हुआ निःशुल्क टीकाकरण

एक पहल की अध्यक्ष डॉ. ईभा गर्ग ने बताया कि शिविर में एक पहल पाठशाला, बी.डी. कॉन्वेंट स्कूल, नव ज्योति बालिका विद्यालय और डॉ. कमलेश स्मृति प्राथमिक साक्षरता केंद्र की लगभग 100 बालिकाओं को निःशुल्क टीकाकरण किया गया। शिविर में विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, जांच पद्धति और बचाव के वैज्ञानिक उपायों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया।

कार्यक्रम की सफलता में सीए आलोक अग्रवाल, सीए मोहन कुकरेजा, ललित अरोड़ा, प्रियंका अग्रवाल, अतिन अग्रवाल, डॉ. पंकज कौशिक, डॉ. विनीत चौहान, आशु मित्तल, दीपाली खेत्रपाल, सीए आशीष जैन, अतुल मित्तल, नवीन सिंघल, मनीष राय, मानस राय, अश्लेष मित्तल, नवीन कुमार तथा एक पहल की पूरी टीम का योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor