107वां उर्स-ए-रज़वी 18 से 20 अगस्त तक: बरेली में सजेंगी अकीदत की महफ़िलें
बरेली। सूफी संत आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा खान फाज़िले बरेलवी का विश्वविख्यात 107वां उर्स-ए-रज़वी इस वर्ष 18, 19 और 20 अगस्त को बरेली के ऐतिहासिक इस्लामिया मैदान में अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इसकी आधिकारिक घोषणा दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) ने की है।
दरगाह के प्रवक्ता नासिर कुरैशी ने बताया कि इस मौके पर देश-विदेश से लाखों अकीदतमंद बरेली पहुंचते हैं। कई देशों के मुरीद इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वीजा और टिकट की तैयारियां महीनों पहले से शुरू कर देते हैं। सोशल मीडिया और फोन कॉल्स के माध्यम से तिथियों की सूचना दी जा रही है।
जायरीन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दरगाह प्रशासन ने उर्स की तैयारियां पहले से शुरू कर दी हैं। जल्द ही उर्स-ए-रज़वी का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर लोग न सिर्फ इबादत करते हैं, बल्कि आला हज़रत की शिक्षाओं और सूफी परंपरा से भी जुड़ते हैं।