दयालबाग में 11 फीट रुद्राक्ष शिवलिंग, सवा लाख पार्थिव पूजन और शिव बरात का आयोजन 11 जुलाई से
आगरा। श्रावण मास की आध्यात्मिक उर्जा को समर्पित एक ऐतिहासिक आयोजन दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में 11 जुलाई से आरंभ हो रहा है। सावन महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा एवं महा रुद्राभिषेक महोत्सव 17 जुलाई तक चलेगा, जिसमें श्रद्धा, भक्ति और वैदिक गरिमा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में पंडित सुनील शास्त्री ने बताया कि आयोजन का मुख्य आकर्षण 11 फीट ऊँचे रुद्राक्ष से निर्मित शिवलिंग होगा, जिसका श्रृंगार सवा लाख रुद्राक्षों से किया जाएगा। यह शिवलिंग भक्तों को अद्वितीय दिव्यता का अनुभव कराएगा। प्रतिदिन 153 जोड़े श्रद्धालु, 153 ब्राह्मणों के निर्देशन में महा रुद्राभिषेक में भाग लेंगे।
पवन शर्मा ने जानकारी दी कि आयोजन के अंतर्गत सवा लाख पार्थिव शिवलिंग भक्तों द्वारा निर्मित किए जाएंगे, जिनका अभिषेक द्वादश ज्योतिर्लिंगों के पवित्र जल से किया जाएगा। इन सभी को सामग्री आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
पूरे आयोजन क्षेत्र में द्वादश ज्योतिर्लिंगों के नाम पर 12 विशेष द्वार बनाए जा रहे हैं, जिससे भक्तों को प्रत्यक्ष दर्शन और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हो सकेगी।
कार्यक्रम की समय-सारिणी
प्रातः 6:00 से 8:30 एवं 10:00 से 12:00 तक महा रुद्राभिषेक। दोपहर 12:00 से 2:00 तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण व पूजन और शाम 4:00 से रात्रि तक श्री शिव महापुराण कथा। कथा व्यास होंगे अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आचार्य मृदुल कांत शास्त्री, जो शिव महापुराण के गूढ़ तत्वों को भक्तों के हृदय तक पहुंचाएंगे।
14 जुलाई को भव्य शिव बरात
14 जुलाई को संध्या 5 बजे से पूरे दयालबाग क्षेत्र में भव्य शिव बरात निकाली जाएगी, जिसमें झांकियां, भजन मंडलियां, शिव तांडव, और नासिक बैंड का विशेष प्रदर्शन होगा। श्रृंखला का समापन 17 जुलाई को महा रुद्राभिषेक व विशाल भंडारे के साथ होगा।
पोस्टर विमोचन के कार्यक्रम में रामचरण शर्मा, सुनील सिंघल, अरविंद द्विवेदी, प्रदीप द्विवेदी, सरिता तिवारी, शशि सिंह, दया गौतम, अशोक श्रीवास्तव, विपिन कुमार, अमित बघेल, दीपक गौतम, हिमांशु गौतम, ललित कपूर सहित अनेक श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।