आगरा के जिला अस्पताल व लेडी लॉयल सहित 14 स्वास्थ्य इकाइयों को मिला एनक्वास

आगरा। स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में आगरा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आगरा की 14 स्वास्थ्य इकाइयों को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेशन (एनक्वास) प्रदान किया गया है। अब इन इकाइयों में मरीजों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध होंगी।

Aug 27, 2025 - 21:55
 0
आगरा के जिला अस्पताल व लेडी लॉयल सहित 14 स्वास्थ्य इकाइयों को मिला एनक्वास
सीएमओ आगरा डॊ. अरुण कुमार श्रीवास्तव।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल और लेडी लॉयल (जिला महिला अस्पताल) को यह प्रमाणन प्राप्त हुआ है। जिला अस्पताल के 10 और लेडी लॉयल के 9 विभागों को एनक्वास सर्टिफिकेशन मिला है। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिगनेर, महुआ खेड़ा, श्यामो, मंडी मिर्जा खां, करबना, सौरई, खांडा, उजरई कलां, जौपुरा, वारिगमा खुर्द, ऊंचा और पवसार को भी यह प्रमाणन हासिल हुआ है। इसमें जिला अस्पताल ने सबसे अधिक 89.33 अंक प्राप्त किए।

नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि एनक्वास का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना है। इसके अंतर्गत अस्पतालों को चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, उपकरण और सुविधाओं की उपलब्धता जैसे विभिन्न मानकों पर परखा जाता है।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को प्रति बेड 10,000 रुपये का पुरस्कार तीन वर्षों तक मिलता है। वहीं, पीएचसी को तीन लाख और अर्बन पीएचसी को दो लाख रुपये तीन वर्षों तक पुरस्कार स्वरूप दिए जाते हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर को सात पैकेज में सर्टिफिकेशन पर 1.26 लाख और बारह पैकेज पर 2.16 लाख रुपये तीन वर्षों तक दिए जाते हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डीपीएम कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि एनक्वास सर्टिफिकेशन के बाद प्राप्त पुरस्कार राशि का उपयोग स्वास्थ्य इकाइयों में गुणात्मक सुधार कार्यों में किया जाएगा। इससे मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, इनपुट, सहायता सेवाएं, नैदानिक देखभाल, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता और प्रबंधन आदि आठ मानकों पर एनक्वास प्रमाणन प्रदान किया जाता है।

SP_Singh AURGURU Editor