दान घाटी में 16वें छप्पन भोग महोत्सव में 51 कुंतल व्यंजन, फूल-बंगला और गिरिराज जी का अद्भुत श्रृंगार

गोवर्धन की दान घाटी में इस वर्ष गिरिराज जी का दिव्य और भव्य छप्पन भोग महोत्सव निधिवन शैली में सजने जा रहा है, जहां 51 कुंतल व्यंजनों का अनूठा छप्पन भोग, फूल-बंगला, अद्भुत श्रृंगार और हजारों श्रद्धालुओं का उमड़ा भक्तिरस आयोजन को अलौकिक बनाएगा।

Nov 24, 2025 - 18:27
 0
दान घाटी में 16वें छप्पन भोग महोत्सव में 51 कुंतल व्यंजन, फूल-बंगला और गिरिराज जी का अद्भुत श्रृंगार
श्री राधारानी जी सेवा मंडल परिवार द्वारा आयोजित गिरिराज जी के 16वें छप्पन भोग महोत्सव के बारे में बताते सेवा मंडल के सदस्य।

आगरा। श्री राधारानी जी सेवा मंडल परिवार द्वारा आयोजित गिरिराज जी का 16वां दिव्य छप्पन भोग महोत्सव इस बार अलौकिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। दान घाटी मंदिर के सामने स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर को निधिवन शैली में सजाया जाएगा, जहां ठाकुर जी हीरा, मोती, पन्ना और माणिक जड़ित पोशाक में विराजेंगे।

सोमवार को जीवनी मंडी स्थित खाटूश्याम मंदिर में संस्था के पदाधिकारियों ने आमंत्रण पत्र का विमोचन करते हुए भक्तों को इस दिव्य आयोजन हेतु आमंत्रित किया।

संस्थापक गोविन्द सरन गर्ग ने बताया कि 30 नवंबर को फाउंड्री नगर स्थित गौशाला में गौ माता छप्पन भोग, पूजन और भजन-कीर्तन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी।

संतोष मित्तल ने जानकारी दी कि 13 दिसंबर को गोवर्धन पर्वत की दुग्धधार परिक्रमा में मेवा-दूध वितरण, 101 साध्वियों को वस्त्र व राशन प्रदान कर साध्वी सेवा की जाएगी। शाम को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गिरिराज जी के दिव्य श्रृंगार दर्शन, फूल बंगला, भजन संध्या और छप्पन भोग सजाया जाएगा।

इसके अगले दिन 14 दिसंबर को साधु-संत सेवा और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम समन्वयक अविनाश राणा व विवेक वार्ष्णेय के अनुसार कारीगरों द्वारा देशी-विदेशी फूलों से निधिवन जैसी भव्य सजावट की जाएगी। 13 दिसंबर को आगरा से लगभग 1100 श्रद्धालु बसों व निजी वाहनों से गोवर्धन रवाना होंगे।
महोत्सव की मुख्य आकर्षण प्रस्तुतियों में मयूर नृत्य, शिव तांडव और कृष्ण लीला की अलौकिक झलकियां शामिल होंगी।

कार्यक्रम में प्रमोद मांगलिक, संजीव अग्रवाल, सुनील गुप्ता, हरिओम सिंघल, दीपक ढल, धीरज बंसल समेत अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor