बिहार में छह बजे तक 65.13 प्रतिशत वोटिंग, पर बूथों पर दिख रहे वोटर

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज  (छह नवंबर) को18 जिलों की 121 सीटों पर समाचार लिखे जाने तक मतदान हो रहा है। इस चुनावी रण में कई हाई-प्रोफाइल सीटें केंद्र में हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की राघोपुर, तेज प्रताप यादव की महुआ और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारापुर सीट पर सबकी नजर है। लालू प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे बड़े नेताओं ने भी अपना वोट डाल दिया है। शाम छह बजे तक करीब 65 फीसदी मतदान हो चुका है। 

Nov 6, 2025 - 18:15
 0
बिहार में छह बजे तक 65.13 प्रतिशत वोटिंग, पर बूथों पर दिख रहे वोटर


 बिहार में जारी मतदान पर निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारी लगातार नजर रखे हुए हैं। राज्य के 45,000 से अधिक मतदान केंद्रों से मिल रहे लाइव फीड के माध्यम से मतदान की निगरानी की जा रही है। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर पहली बार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त एसएस संधू और विवेक जोशी दिल्ली में स्थित निर्वाचन सदन में बने नियंत्रण कक्ष से मतदान की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

पहले चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 45,341 मतदान केंद्र पर हो रही है वोटिंग। चार लाख से अधिक मतदान कर्मी तैनात हैं। नजर रखने के लिए 65,481 पोलिंग एजेंट हैं। 
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के पूर्णिया में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद शिक्षा पर विशेष तौर पर काम किया जाएगा। राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिहार में लाखों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। जिनके वोट काटे गए, उनमें महागठबंधन के वोटर शामिल थे। वोटर लिस्ट में गलत नाम जोड़े गए हैं। जेन-जी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी को पोलिंग बूथ पर सावधान रहना है। भाजपा के लोग 'चुनाव चोरी' करने की पूरी कोशिश करेंगे, लेकिन बिहार के युवाओं और जेन-जी को संविधान की रक्षा करनी है। हमें चुनाव चोरी करने वालों को रोकना है और ये हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ पर हमें वोट चोरी करने वालों को रोकना है, यही हमारी जिम्मेदारी है।

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि दोपहर 3 बजे तक राज्य में औसतन 53.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदाता उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा ले रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतामढ़ी जिले के परिहार और सुरसंड विधानसभाओं में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। परिहार से भाजपा प्रत्याशी गायत्री देवी और सुरसंड से जदयू प्रत्याशी नागेंद्र राउत के पक्ष में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बिहार की जनता अब पहचान का संकट से निकलकर, विकास का विकल्प चुन रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम और जानकी पर सवाल उठाए उनको सबक सिखाना है, क्योंकि जो राम का नहीं है, वह हमारे किसी काम का नहीं है।

 इस बीच, लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के वाहन पर पथराव की खबर आई। उपमुख्यमंत्री ने इसका आरोप राजद पर लगाया है। बताया जा रहा है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का काफिला चुनाव प्रबंधन के सिलसिले में इलाके से गुजर रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर कीचड़ फेंक दिया और नारेबाजी की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना खुडियाडी गांव की है। उन्होंने बताया कि यहां सही तरीके से व्यवस्था नहीं की गई थी। उनकी गाड़ी पर जूते फेंके गए, पथराव किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम राजद के गुंडों ने किया है। सत्ता में आए बिना ही ये लोग गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों की छाती पर बुलडोजर एक्शन होगा। इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। एनडीए जीत रहा है, तो इन्हें तकलीफ हो रही है।

बिहार विधानसभा चुनाव में जारी पहले चरण की 121 सीटों पर मतदान के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जमुई पहुंचे और एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने 2005 से पहले की सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी सभा को संबोधित किया। कहा कि आप सभी जानते हैं कि हमारी सरकार 24 नवंबर 2005 को सत्ता में आई थी और 20 साल से सत्ता में है। इन 20 वर्षों में हमारी सरकार ने बिहार में विकास कार्य किया। पूर्व की सरकारों को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य को बहुत बुरी हालत में छोड़ दिया था। लोग शाम के बाद बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस नहीं करते थे।