आगरा में शौर्य, संस्कृति और संकल्प के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
आगरा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस भव्यता से मनाया गया। पुलिस लाइन में सुरक्षा बलों की परेड और सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जहां केबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और महिलाओं के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर दिया। सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और गांवों में तिरंगा रैलियों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ देशभक्ति का उत्सव मनाया गया।
पुलिस लाइन में भव्य परेड, शहर-गांवों में तिरंगा रैलियां, उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान और विकसित भारत का संकल्प
आगरा। देश भर के साथ-साथ आगरा जिले में भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर गांव-कस्बों तक तिरंगा फहराया गया और संविधान के मूल्यों को नमन किया गया।
आगरा पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां आगरा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, फायर ब्रिगेड सहित विभिन्न सुरक्षा बलों ने अनुशासित परेड और साहसिक प्रदर्शन के जरिए अपने शौर्य और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। परेड ने दर्शकों में देशभक्ति का जोश भर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कानून-व्यवस्था, समाज सेवा और जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों व नागरिकों को सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में केबिनेट मंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और सरकार युवाओं के लिए लगातार नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2026 ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का साक्षी है, जो हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है।
केबिनेट मंत्री ने आगरा पुलिस आयुक्त की सराहना करते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध धर्मांतरण के मामलों का खुलासा किया गया और अपराध नियंत्रण में ठोस परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक व्यापारी की चोरी के मामले में महज तीन दिन के भीतर लगभग आठ करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा किया गया, जो पुलिस की तत्परता और दक्षता को दर्शाता है।
साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि हर थाने में साइबर डेस्क/साइबर थाना की व्यवस्था की गई है, जिससे ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। उन्होंने थानों में महिलाओं के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाएं निडर होकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकें, यही सुशासन की पहचान है।
इधर, आगरा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणतंत्र दिवस की रौनक देखने लायक रही। सरकारी कार्यालयों में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, कमिश्नरी में मंडलायुक्त शैलेन्द्र सिंह, नगर निगम में महापौर हेमलता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तिरंगा फहराकर संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की।
स्कूलों में बच्चों ने तिरंगा रैलियां निकालीं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से थल, जल और वायु सेनाओं के शौर्य को दर्शाया गया। बच्चों ने एक स्वर में देश की सेवा, एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने उन्हें गणतंत्र दिवस का महत्व समझाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। आगरा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस अनुशासन, उत्सव और विकसित भारत के संकल्प के साथ यादगार बन गया।