80 प्रतिशत लोगों को नहीं आता सही तरह से टूथ ब्रश करना !

आपको शायद विश्वास न हो लेकिन किंग जार्ज मेडीकल कालेज लखनऊ द्वारा किए गए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि 80 प्रतिशत लोग अपने दांतों पर सही तरह से ब्रश नहीं करते। इसके कारण दांत और मुंह की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।

Nov 9, 2024 - 15:30
 0
80 प्रतिशत लोगों को नहीं आता सही तरह से टूथ ब्रश करना !


लखनऊ। आपको शायद विश्वास न हो लेकिन चिकित्सकों का कहना है कि 80 प्रतिशत लोगों को सही तरह से टूथब्रश करना नहीं आता। इससे मुंह के रोगों का खतरा बढ़ जाता है। यह खुलासा किंग जार्ज मेडीकल कालेज लखनऊ द्वारा किए गए अध्ययन में हुआ है। 
नेशनल टूथ ब्रश डे पर आयोजित इवेंट में बोलते हुए किंग जार्ज मेडीकल कालेज के दंत रोग विभागाध्यक्ष डा. विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि अध्ययन से पता चला कि अधिकतर लोग सामान्यतः की जाने वाली गलतियां दांत साफ करने के दौरान करते हैं।

कुछ लोग बहुत ताकत से ब्रश करते हैं, कुछ गलत ब्रश का प्रयोग करते हैं और अधिकतर लोग चिकित्सकों द्वारा बताए गए दो मिनट तक ब्रश नहीं करते। 

डा. गुप्ता का कहना है कि ताकत से ब्रश करने से दांत का इनेमल और  मसूड़ों को नुकसान पहुंचता है। हार्ड ब्रश से दांत रगड़ने पर मसूड़े प्रभावित होते हैं। कुछ लोग दांतों को सभी ओर से ब्रश नहीं करते या ब्रश करने के बाद अपनी जीभ साफ नहीं करते।

इससे दांतों पर प्लाक की परत बन जाती है और मसूड़े में रोग हो जाता है। खट्टी वस्तु या एसेडिक  पदार्थ खाने के तुरंत बाद ब्रश करना भी गलत है, इससे दांतों का इनेमल कमजोर होता है। 

किंग जार्ज कालेज के ही डा. गौरव मिश्रा का कहना है कि एक अन्य गलती अधिकतर लोग करते हैं कि ब्रश को समय से नहीं बदलते। फ्लोराइड युक्त पेस्ट नहीं करते साथ ही माउथवाश का प्रयोग नहीं करते जो करना जरूरी है।