प्लास्टिक मुक्त यमुना तट की ओर आगरा का संकल्प, सफाई अभियान से शुरू हुई नई जागरूकता यात्रा

आगरा। एक समय आगरा की सांस्कृतिक और पारिस्थितिक जीवनरेखा रही यमुना नदी आज प्रदूषण और उपेक्षा के कारण गंभीर संकट से गुजर रही है। पॉलीथिन, प्लास्टिक और औद्योगिक कचरे के कारण इसकी जलधारा मैली हो चुकी है। इसी चिंता को देखते हुए रविवार सुबह आगरा नगर निगम और रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष यमुना सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें इंडिया राइजिंग संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।

Jun 16, 2025 - 12:26
 0
प्लास्टिक मुक्त यमुना तट की ओर आगरा का संकल्प, सफाई अभियान से शुरू हुई नई जागरूकता यात्रा
यमुना आरती स्थल के पास से यमुना से कचरा निकालते सामाजिक कार्यकर्ता।  

इस अभियान में बड़ी मात्रा में पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरे को यमुना के किनारे से हटाया गया, जिसे नगर निगम की टीम द्वारा व्यवस्थित रूप से निष्पादित किया गया।

इस अवसर पर पर्यावरणविद बृज खंडेलवाल, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, चतुर्भुज तिवारी, जगन प्रसाद तेहरिया, शिक्षाविद जुगल डॉ. मुनिश्वर गुप्ता, अमिताभ गुप्ता और प्रदीप जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही युवाओं की भागीदारी ने इस अभियान को नई ऊर्जा दी।

21 जून को यमुना किनारे योग शिविर

21 जून 2025 (शनिवार) को विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में यमुना किनारे एक भव्य योग शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। नगर निगम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आमजन को योग के साथ नदी संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

इस मौके पर आयोजकों ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और स्वस्थ यमुना, स्वस्थ आगरा के संकल्प को सशक्त बनाएं।

SP_Singh AURGURU Editor