दलित युवक के साथ मारपीट के आरोप में न्यूरो सर्जन नरेश शर्मा पर मुकदमा दर्ज
आगरा। दलित युवक से मारपीट और एक अन्य युवक के साथ मारपीट तथा मोबाइल छीनने के आरोप में न्यूरो सर्जन डॉ. नरेश शर्मा के खिलाफ थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना का सोशल मीडिया पर हो रहा है वीडियो वायरल
घटना 27 अप्रैल की बताई जा रही है। खंदारी स्थित नालंदा प्राइड अपार्टमेंट में एक युवक जतिन अपने मालिक के साथ एक फ्लैट में काम करने गया हुआ था। वह पार्किंग में खड़ा होकर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था। इसी बीच डॉ. नरेश शर्मा ने उसे खदेड़ते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने किसी धारदार चीज से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वायरल वीडियो में भी दिख रहा है कि डॉ. शर्मा एक युवक को जबरदस्ती हाथ पकड़कर ले जा रहे हैं। उसके साथ मारपीट करते हैं और गुस्से में बोल रहे हैं। जब एक अन्य युवक उनकी मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश करता है तो डॉ. शर्मा उससे भी भिड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। उसका मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ. शर्मा के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।