बरेली में चार गुमशुदा किशोरियां महज दो घंटे में सकुशल बरामद
बरेली। जिले के थाना शाही क्षेत्र से सोमवार को परिजनों से नाराज़ होकर लापता हुईं चार बालिकाओं को पुलिस ने महज़ दो घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। इस तेज़ और प्रभावी कार्रवाई से न केवल परिजनों को राहत मिली है बल्कि पुलिस पर जनता के विश्वास को मजबूत किया है।
-पुलिस की फुर्ती और समर्पण से परिजनों को मिली राहत, मीरगंज अंडरपास के पास मिलीं सभी लड़कियां
बरामद किशोरियों के साथ पुलिस टीम।
परिजनों की सूचना पर पुलिस हरकत में आई
थाना शाही के मुबारकपुर निवासी मोरपाल पुत्र नन्दराम ने सोमवार रात 10 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनकी दो भतीजियां और दो भांजियां, जो 16 जून को बकरी चराने गई थीं, डांट पड़ने पर नाराज़ होकर घर से चली गई हैं। पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लिया। शाही थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच और आसपास के थानों से समन्वय करते हुए लड़कियों की तलाश शुरू की। तलाश इतनी कारगर रही कि महज़ दो घंटे में चारों किशोरियों को मीरगंज थाना क्षेत्र के अंडरपास के पास से बरामद कर लिया गया।
लड़कियों ने खुद बताया, नाराज़ होकर चली आई थीं
पूछताछ में चारों लड़कियों ने स्वीकार किया कि वे परिजनों की डांट से नाराज़ होकर खुद ही घर से निकल गई थीं। पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी किशोरियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस त्वरित कार्रवाई पर परिजनों और गांववासियों ने पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि अगर पुलिस इतनी तत्परता न दिखाती, तो न जाने क्या अनहोनी हो सकती थी।
Top of Form