आगरा में गर्मी ने लोगों का हाल किया बेहाल, सड़कों पर आवाजाही हुई कम

आगरा। गर्मी अपना पूरा प्रकोप दिखाने लगी है। दोपहर में लू के थपेड़ों ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। सुबह से ही सूर्य देव अपने तेवर दिखाने लगे हैं। कल तक मौसम का मिज़ाज यही रहने वाला है। दस अप्रैल को पारे में गिरावट का अनुमान है।

Apr 8, 2025 - 14:26
 0
आगरा में गर्मी ने लोगों का हाल किया बेहाल, सड़कों पर आवाजाही हुई कम

इस माह के अंतिम सप्ताह में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल तापमान बीते दिन से कुछ कम है, जो धीरे-धीरे 

बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। 

इधर सोमवार को लू के तेज थपेड़ों ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया था। तापमान में अचानक आई इस वृद्धि के कारण आगरा प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। आगरा में पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग ने कल तक आगरा और आसपास के क्षेत्रों में हीट वेव (भीषण गर्मी की लहर) का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। आज भी आगरा में मौसम गर्म और शुष्क बना हुआ है। सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिसके कारण तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई।

दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई। मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर तक आगरा का अधिकतम तापमान लगभग 38-41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान सुबह के समय लगभग 22-24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आसमान में कुछ स्थानों पर हल्के बादल दिखाई दिए, लेकिन इनसे गर्मी पर कोई खास असर नहीं पड़ा। हवा की गति सामान्य रही, जिससे उमस का अनुभव भी हो रहा है।प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो झांसी और हमीरपुर सोमवार को सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रयागराज में 41.8 डिग्री सेल्सियस, बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस और फुर्सतगंज में 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में औसत तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। शाम तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। लोगों को सलाह दी है कि वे दिन के समय सीधी धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि "अप्रैल के महीने में आमतौर पर आगरा में गर्मी बढ़ती है। फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं दिख रहा है, इसलिए आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।"

*दोपहर में शहर की सड़कों पर सन्नाटा*

आगरा में अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है और सड़कों पर भी आवाजाही कम देखी जा रही है। मौसम की मार झेल रहे आगरा की सड़कों पर इसका असर देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय लोगों की आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम रही। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए शहर के लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। शहर के लोगों को गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और हल्के कपड़ों का सहारा लेते हुए देखा गया।